दो दिन के दौरे पर बुधवार पंजाब आएंगे अरविंद केजरीवाल : लुधियाना में व्यापारियों के साथ करेंगे बैठक, अगले दिन देंगे नौकरी की गारंटी, नाराज चल रहे भगव
दो दिन के दौरे पर बुधवार पंजाब आएंगे अरविंद केजरीवाल : लुधियाना में व्यापारियों के साथ करेंगे बैठक, अगले दिन देंगे नौकरी की गारंटी, नाराज चल रहे भगवंत मान ने खुद दी जानकारी
लुधियाना : (पी9 ब्यूरो) :
आम आदमी पार्टी के संयोजक और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल का पंजाब दौरा फिर बदल गया है। वह बुधवार को ही लुधियाना पहुंच रहे हैं। वह बुधवार को व्यापारियों के साथ विचार चर्चा करेंगे और इसके बाद वीरवार को एक निजी पैलेस में पत्रकार वार्ता को संबोधित करेंगे। यह जानकारी आम आदमी पार्टी के अध्यक्ष भगवंत मान ने दी है।
बता दें कि मुख्यमंत्री का चेहरा घोषित न होने से नाराज भगवंत मान उनसे दूरी बना सकते हैं। इसी बीच अब उनकी ओर से खुद केजरीवाल के दौरे संबंधी जानकारी दी गई है। खास बात यह भी है कि नवजोत सिंह सिद्धू ने मंगलवार को पंजाब कांग्रेस प्रधान पद से इस्तीफा दे दिया और अगले ही दिन बुधवार को केजरीवाल पंजाब आ रहे हैं। सिद्धू के इस्तीफे पर उनकी क्या प्रतिक्रिया रहती है, यह भी देखने वाली बात रहेगी।
उत्तराखंड और गोवा में भी रोजगार की दी है गारंटी
अरविंद केजरीवाल की तरफ से इससे पहले उत्तराखंड और गोवा में नौकरी की गारंटी का ऐलान किया गया है। इसलिए संभावित है कि यहां पर भी वह अपनी दूसरी गारंटी रोजगार की ही देने वाले हैं, क्योंकि पंजाब की कांग्रेस सरकार ने भी इसी पर पिछला चुनाव लड़ा था और आज भी बेरोजगारी अहम मुद्दा है। इससे पहले वह एक माह में 200 यूनिट बिजली माफ करने का वादा कर चुके हैं और इसे पहली गारंटी के तौर पर पेश किया जा रहा है। जबकि कांग्रेस ने पहले ही 300 यूनिट बिजली माफ का ऐलान कर दिया है।
चन्नी के मुख्यमंत्री बनने के बाद पहला दौरा
कांग्रेस की ओर से दलित चेहरे चरणजीत सिंह चन्नी को मुख्यमंत्री बनाया गया है। चन्नी के मुख्यमंत्री बनने के बाद अरविंद केजरीवाल पहली बार पंजाब आ रहे हैं और उनकी मुख्यमंत्री पर प्रतिक्रिया काफी अहम रहने वाली है। इसके अलावा वह अपनी अगली रणनीति पर क्या बात करते हैं, यह भी देखने वाली बात होगी।
पहले रद्द हो चुका है दौरा
पहले अरविंद केजरीवाल का रविवार को पंजाब आने का प्रोग्राम था। मगर इसी दिन मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी द्वारा अपनी कैबिनेट का विस्तार किया जाना था, इसलिए यह दौरा रद्द कर दिया गया। क्योंकि नए मंत्रियों को शपथ दिलाने की खबर के बीच आम आदमी पार्टी की घोषणाएं दब न जाएं, इसलिए वह नहीं आए।

COMMENTS