डीआईजी इंदरबीर रिश्वतकांड में फंसे : 10 लाख घूस मामले में नामजद, पूछताछ में गिरफ्तार डीएसपी लखबीर संधू ने उगला था नाम चंडीगढ़ : (रवि वर्मा ब्यूरो)
डीआईजी इंदरबीर रिश्वतकांड में फंसे : 10 लाख घूस मामले में नामजद, पूछताछ में गिरफ्तार डीएसपी लखबीर संधू ने उगला था नाम
चंडीगढ़ : (रवि वर्मा ब्यूरो) :

पंजाब विजिलेंस यूनिट ने फिरोजपुर के तत्कालीन डीआईजी इंदरबीर सिंह को रिश्वत लेने के केस में नामजद किया है। इंदरबीर वर्तमान में आर्म्ड पुलिस जालंधर में तैनात हैं। हालांकि विजिलेंस द्वारा फिलहाल गिरफ्तारी संबंधी कोई कार्रवाई नहीं दी गई है। दरअसल, डीआईजी इंदरबीर सिंह पर एक नशा तस्कर से 10 लाख रुपए रिश्वत लेने का आरोप है। भिखीविंड पुलिस ने 20 जून 2022 को नशा तस्कर को काबू किया था। उससे पूछताछ में कई पुलिस अधिकारियों के नाम सामने आए। फिर भिखीविंड पुलिस द्वारा 6 जुलाई 2022 को डीएसपी लखबीर संधू को गिरफ्तार किया गया। उससे पूछताछ में फिरोजपुर के तत्कालीन डीआईजी इंदरबीर सिंह का नाम सामने आने पर अब उनके खिलाफ केस दर्ज किया गया है।
कई पुलिस अधिकारियों की भूमिका की जांच
मामले में आरोपी डीएसपी लखबीर संधू समेत एक हेड कॉन्स्टेबल हीरा सिंह का नाम भी सामने आया था। फिलहाल विजिलेंस की जांच टीम तथ्यों की पड़ताल में जुटी है। प्राप्त सूचना के अनुसार विजिलेंस द्वारा नशा तस्कर से रिश्वतकांड मामले में दर्ज दो केसों की जांच किए जाने की सूचना है। ऐसे में आगामी समय में किन्हीं अन्य पुलिस अधिकारियों पर भी कार्रवाई की जा सकती है। क्योंकि विजिलेंस द्वारा सभी पुलिस अधिकारियों की भूमिका की जांच की जा रही है।
आरोपी से 900 ग्राम अफीम की बरामदगी
विजिलेंस ब्यूरो अमृतसर रेंज के एसएसपी वरिंदर सिंह ने बताया कि थाना भिखीविंड में आरोपी सुरजीत सिंह के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज किया गया था। आरोपी के कब्जे से 900 ग्राम अफीम का नशा बरामद किया गया था। इसके बाद केस में पिशोरा सिंह, निशान सिंह, हेड कांस्टेबल हीरा सिंह, रशपाल सिंह और डीएसपी लखबीर सिंह को नामजद किया गया है।
COMMENTS