लुधियाना में साढ़े 8 करोड़ की लूट में 5 गिरफ्तार : पांच करोड़ कैश बरामद, पुलिस कमिश्ननर बोले- डाकू हसीना मनदीप कौर मास्टरमाइंड, 9 पार्टनर संग वारदात
लुधियाना में साढ़े 8 करोड़ की लूट में 5 गिरफ्तार : पांच करोड़ कैश बरामद, पुलिस कमिश्ननर बोले- डाकू हसीना मनदीप कौर मास्टरमाइंड, 9 पार्टनर संग वारदात
लुधियाना : (रवि वर्मा ब्यूरो) :

पंजाब के लुधियाना में ATM कैश कंपनी CMS में हुई 8.49 करोड़ की लूट को पुलिस ने सुलझा लिया है। लूट में शामिल 6 लुटेरों को गिरफ्तार कर 5 करोड़ रिकवर कर लिए गए हैं। पुलिस की जांच में पता चला कि एक महिला ने CMS कंपनी के कर्मचारी के साथ मिलकर पूरी वारदात को अंजाम दिया। इस वारदात में कुल 10 लोग शामिल थे। हालांकि इसकी मास्टरमाइंड ‘डाकू हसीना’ मनदीप कौर गिरफ्तार नहीं हो सकी है। उसके खिलाफ लुकआउट सर्कुलर (LOC) जारी कर दिया गया है। इस लूट में मनदीप कौर के साथ उसका पति और भाई भी शामिल था।
प्रेस कॉन्फ्रेंस में पुलिस कमिश्नर मनदीप सिद्धू ने विस्तार में दी जानकारी
लूट के मनदीप कौर एवं मनजिंदर मनी मास्टरमाइंड
इस वारदात के 2 मास्टरमाइंड हैं। पहली मनदीप कौर और दूसरा मनजिंदर मनी। मनी 4 साल से इसी कंपनी का कर्मचारी है। इन्होंने 8 और आरोपियों को अमीर बनाने का सपना दिखाकर साथ मिलाया और वारदात की।
वारदात के लिए 2 मॉड्यूल बनाए
लूट की वारदात के लिए 2 मॉड्यूल बनाए गए थे। एक मॉड्यूल में मनजिंदर मनी और 2 बाइक पर कुल 5 लोग थे। दूसरे मॉड्यूल में क्रूज कार में मनदीप कौर और उसके साथ 4 लुटेरे शामिल थे।
5 महीने से चल रही थी प्लानिंग
मनजिंदर मनी CMS कंपनी में काम करता था तो वहां के बारे में हर बात से वाकिफ था। उसे पता था कि यहां कैश किस हालत में रखा जाता है। कंपनी में सिक्योरिटी के लिहाज से कौन-कौन से लूज प्वाइंट हैं। उसने मनदीप कौर के साथ मिलकर इसकी साजिश रची। जनवरी महीने से इसकी प्लानिंग चल रही थी।
शुक्रवार को ही लूट क्यों की?
मनजिंदर मनी को पता था कि शनिवार और रविवार को ATM में कैश नहीं डाला जाता। इसलिए कंपनी में शुक्रवार को कैश ज्यादा होता है। इसी वजह से शुक्रवार का दिन लूट के लिए चुना गया।
किसी भी लुटेरे ने मोबाइल यूज नहीं किया
इन सभी 10 आरोपियों में से किसी ने भी मोबाइल इस्तेमाल नहीं किया था। इसी वजह से लोकेशन के जरिए इन्हें ट्रेस नहीं किया जा सका।
एक लुटेरे ने इंस्टाग्राम पर नोटों की रील डाली
लूट की मास्टरमाइंड मनदीप कौर के भाई ने इंस्टाग्राम पर नोटों की रील डाली थी। जिसमें 500-500 रुपए के नए नोटों की गडि्डयां कार के डैशबोर्ड पर रखी हैं। इससे भी पुलिस को उनके वारदात किए जाने पर शक हुआ।
लुटेरों की कैश वैन में फ्लिकर चल रहा था
लुटेरे जिस कैश वैन में लूट की रकम ले गए, उसका फ्लिकर चल रहा था, जिसके बारे में कोई भी जानकारी नहीं रखता था या सिर्फ ड्राइवर ही जानता है। इस वजह से कंपनी के कर्मचारी पर शक था। वारदात के दिन भी मनजिंदर मनी गाड़ी चला रहा था।
अमाउंट को लेकर भी अंतर
कंपनी की बताई लूट की अमाउंट और लुटेरों के कबूलनामे के बाद रकम में अंतर आया है। लुटेरों ने कहा कि 2 बैग में 3-3 करोड़ और तीसरे में DVR ले गए थे। मगर, कंपनी ने पहले 7 करोड़ और फिर इसे बढ़ाकर 8.49 करोड़ की लूट बता दिया। पुलिस का कहना है कि जब सारे लुटेरे पकड़े जाएंगे तो पूरी अमाउंट क्लियर हो जाएगी।
विदेश जाना चाहता था मनजिंदर मनी
मनजिंदर रातोंरात अमीर होना चाहता था। इसलिए उसने मनदीप कौर के साथ मिलकर यह वारदात की। दूसरे आरोपियों की भी अभी कोई क्रिमिनल हिस्ट्री नहीं मिली। ऐसे में सबको अमीर बनाने का सपना दिखाया गया।
CP बोले- CM ने लूट पर नाराजगी जाहिर की
मीडिया से बात करते हुए पुलिस कमिश्नर मनदीप सिद्धू ने कहा कि जब ये वारदात हुई तो CM भगवंत मान ने नाराजगी जाहिर की कि इतनी बड़ी वारदात कैसे हुई?। हालांकि इसके बाद उन्होंने पूरा सपोर्ट किया और इसी वजह से जल्दी कैश को क्रैक कर लिया गया। मामला सुलझने पर CM भगवंत मान के साथ DGP गौरव यादव ने ट्वीट किया। CM ने लिखा कि लूट मामले में पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। वहीं DGP गौरव यादव ने कहा कि लूट केस में बड़ी बरामदगी हुई है।
पैसों से भरा बैग उठाने आए धरे गए युवक
पुलिस को सूचना थी कि गांव पंडोरी से करीब 5 किलोमीटर दूरी पर लुटेरों की मूवमेंट देखी गई है। इस दौरान पुलिस ने गांव ढट्ट नजदीक ट्रैप लगा दिया। तीन युवक गांव ढट्ट के खेतों के नजदीक बनी झाड़ियों में छिपकर बैठे थे। पुलिस ने जब उनसे पूछताछ की तो उन्होंने कहा कि वह भांग रगड़ रहे हैं। पुलिस कर्मचारियों द्वारा जब सख्ती बरती गई तो तीनों युवकों ने असलियत उगली। बारिश के पानी की निकासी करने के लिए सड़क किनारे बनी सीमेंट जाली में काला रंग का बैग पुलिस को बरामद करवाया।
जगराओं में दंपती के बेड से बरामद हुए 10 लाख
गांव ढट्ट के युवकों की निशानदेही पर पुलिस ने जगराओं के इलाका कोठा हरि सिंह में दबिश दी। पुलिस ने तलाशी दौरान एक घर के बेड से 10 लाख रुपए बरामद किए हैं। उस घर की बुजुर्ग महिला कुलवंत कौर ने बताया कि पुलिस कर्मचारियों ने उनके घर की चेकिंग की। इस दौरान उनके बेटे और बहू के कमरे में पड़े बेड से पुलिस को 10 लाख रुपए मिले हैं। बुजुर्ग कुलवंत कौर मुताबिक 9 जून रात को उसका बेटा और बहू कहीं गए थे और वह सुबह तड़के घर वापस आए। कुलवंत कौर मुताबिक उन्हें नहीं पता था कि उनके बेटे ने 10 लाख रुपए बेड में छिपा रखे हैं, क्योंकि उनका बेटा कमरे को हमेशा ताला लगाकर रखता था। कुलवंत कौर मुताबिक उनका बेटा साइप्रस से करीब 6 महीने पहले वापस आया है। बेटे की शादी 5 साल पहले हुई है। वह अपनी पत्नी के साथ ही साइप्रस में रहता था।
बरनाला से हिरासत में लिया सैनिटरी दुकान पर काम करने वाला कर्मचारी
लीड मिलने के बाद लगातार पुलिस ने देर रात तक छापेमारी जारी रखी। बरनाला से पुलिस ने एक युवक को हिरासत में लिया। उक्त युवक सैनिटरी की दुकान में काम करता है। यह युवक लूट में शामिल महिला का भाई बताया जा रहा है। उक्त युवक के बारे अभी कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई।
COMMENTS