हैबोवाल मेन रोड में कार धंसने का मामला : नगर निगम ने 2 कंपनियों को जारी किया नोटिस, 7 दिन में देना होगा जवाब लुधियाना : (पी9 ब्यूरो) : लुधियाना
हैबोवाल मेन रोड में कार धंसने का मामला : नगर निगम ने 2 कंपनियों को जारी किया नोटिस, 7 दिन में देना होगा जवाब
लुधियाना : (पी9 ब्यूरो) :
लुधियाना में चल रहे विकास कार्यों के बीच बारिश की वजह से सड़क धंसने से उसमें फंसी कार के मामले में नगर निगम ने 2 कंपनियों को नोटिस जारी कर दिया। नगर निगम कमिश्नर की ओर से दोनों कंपनियों को जवाब देने के लिए एक सप्ताह का समय दिया गया। इस समय अवधि के दौरान ही उन्हें अपना जवाब देना होगा।
कमिश्नर प्रदीप सभरवाल के अनुसार यह नोटिस कबीर कंस्ट्रक्शन कंपनी और सुरेश कुमार को दिया गया है। कबीर कंस्ट्रक्शन कंपनी की कंस्ट्रक्शन साइट न्यू शिवाजी नगर में बरसात के पानी के कारण बने गढ्ढे में एक्टिवा सवार गिर गया था और वहां पर इनकी ओर से कोई साइन बोर्ड नहीं लगाया गया था। इसी तरह हैबोवाल में सुरेश कुमार ठेकेदार की साइट पर कार सड़क में धंस गई।
5 फीट गहरा और 9 फीट चौड़ा हो गया गड्ढा
हैबोवाल में अचानक सड़क धंसने से उसमें कार धंस गई। सड़क धंसने से 4 से 5 फीट गहरा और करीब 9 फीट चौड़ा गड्ढा बन गया। कार सवार अरुण साहनी ने बताया कि वह अपने बेटे अभिषेक साहनी को शिमला छोड़ने जा रहा था कि अचानक पेट्रोल पंप की सामने सड़क धंसने से कार उसमें गिर गई। हादसे में कार जरूर क्षतिग्रस्त हुई लेकिन उन दोनों को कोई चोट नहीं आई। एसई रविंदर गर्ग ने कहा कि जानकारी मिलने पर उस जगह पर मिट्टी डाल कर ठीक कर दिया गया। यह देखा जा रहा है कि जिस जगह गाड़ी धंसी है, वहां अंडर ग्राउंड केबल तो नहीं है या फिर सीवरेज लाइन के कारण हादसा हुआ है। कार धंसने की फोटो रविवार से ही सोशल नेटवर्किंग साइटस पर लगातार वायरल हो रही थी।
दोनों घटनाओं में कंपनी और ठेकेदार की गलती
नगर निगम अधिकारियों के अनुसार जांच में सामने आया है कि इन दोनों घटनाओं में कंस्ट्रक्शन कंपनी और ठेकेदार की ही गलती है और यही कारण है कि उन्हें नोटिस जारी किए गए हैं। अगर उनकी ओर से सात दिन में तसलीबख्श जवाब नहीं दिया गया या सात दिन में जवाब नहीं आया तो कार्रवाई की जाएगी।

COMMENTS