असलहा तथा हेरोइन तस्करी : पैसों के लालच में 10वीं का छात्र दो दोस्तों के साथ करने लगा नशा तस्करी 150 ग्राम हेरोइन, .32 बोर का रिवॉल्वर, पिस्ट

असलहा तथा हेरोइन तस्करी : पैसों के लालच में 10वीं का छात्र दो दोस्तों के साथ करने लगा नशा तस्करी
150 ग्राम हेरोइन, .32 बोर का रिवॉल्वर, पिस्टल बरामद
लुधियाना : (पी9 ब्यूरो) :
ग्राउंड में खेलते समय 10वीं के छात्र की 2 युवकों से दोस्ती हो गई। इसके बाद तीनों खर्च चलाने के लिए नशा-असलहा सप्लाई करने लगे। स्पेशल टास्क फोर्स टीम ने तीनों को तस्करी करने जाते समय काबू कर लिया। आरोपियों से 150 ग्राम हेरोइन, .32 बोर का रिवॉल्वर, 3 कारतूस, पिस्टल, मोटरसाइकिल और कांटा बरामद कर लिया। एसटीएफ मोहाली पुलिस ने न्यू जनता नगर के लखविंदर सिंह उर्फ बंटी, कोट मंगल सिंह के अमनदीप सिंह और गुरपाल नगर के इकबाल सिंह के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत पर्चा दर्ज कर लिया। पुलिस ने आरोपियों को अदालत में पेशकर 2 दिन रिमांड पर लिया है।
एसटीएफ के एसएचओ हरबंस सिंह ने बताया कि उन्हें सूचना मिली थी कि आरोपी हेरोइन की तस्करी करने जा रहे हैं। सूचना के आधार पर एटीआई रोड पर नाकाबंदी की थी। इस दौरान आरोपियों को आते देख शक के आधार पर चेकिंग के लिए रोका गया। इस दौरान आरोपियों से हेरोइन और असलहा बरामद किया गया।
एक आरोपी पर शराब तस्करी के 3 पर्चे
जांच अफसर ने बताया कि आरोपी इकबाल सिंह फ्री रहता था। वह 10वीं का स्टूडेंट है। लखविंदर कारपेंटर का काम करता है। वहीं, तीसरा आरोपी अमनदीप सिंह उर्फ रोमी पर पहले भी शराब तस्करी के तीन मामले दर्ज हैं। शराब तस्करी में कई बार पकड़े जाने पर उसने शराब तस्करी का धंधा छोड़ दिया।
पहले भी बेच चुके 15 से ज्यादा हथियार
जांच अफसर अनुसार हेरोइन खरीदने के लिए अमनदीप ने फिरोजपुर के स्मगलर के साथ संपर्क किया। इसके बाद सस्ते भाव पर नशा खरीदकर लाने लगे। इसे शिमलापुरी में सप्लाई करते थे। वह पिछले एक साल से तस्करी कर रहे हैं, लेकिन न पकड़े जाने पर वह असलहा भी सप्लाई करने लगे। नशा बेचकर मुनाफे को 3 हिस्सों में बांटते थे। इसके लिए तीनों यूपी गए और वहां असलहा सप्लायर से संपर्क किया। आरोपी यूपी से 15 से 20 हजार रुपए में असलहा खरीद लाते और 25 से 30 हजार में बेच देते थे। अब तक 15 असलहा बेच चुके हैं।

COMMENTS