पंजाब में घुसपैठ की कोशिश : दिवाली की रात गुरदासपुर में सरहद पर दिखे छह संदिग्ध, बीएसएफ ने की फायरिंग, सर्च ऑपरेशन जारी चकरी पोस्ट पर संदिग्ध देखे
पंजाब में घुसपैठ की कोशिश : दिवाली की रात गुरदासपुर में सरहद पर दिखे छह संदिग्ध, बीएसएफ ने की फायरिंग, सर्च ऑपरेशन जारी
चकरी पोस्ट पर संदिग्ध देखे गए, कर रहे थे भारत में घुसने की कोशिश
गुरदासपुर : (पी9 ब्यूरो) :

गुरदासपुर जिले में चकरी पोस्ट पर शनिवार की रात भारत में घुसपैठ की कोशिश की गई। हालांकि इस दौरान तैनात बीएसएफ जवानों ने फायरिंग कर घुसपैठियों के प्रयास को विफल कर दिया। रविवार को पूरे इलाके में सर्च अभियान चलाया जा रहा है।
बीएसएफ के DIG राजेश शर्मा ने बताया कि दीपावली की रात करीब 1:40 पर पाकिस्तान की तरफ से चकरी पोस्ट में 6 संदिग्ध घुसपैठ कर रहे थे। बीएसएफ के जवानों ने फायरिंग कर घुसपैठियों की भारत में घुसपैठ के प्रयासों को विफल कर दिया। उन्होंने बताया कि बीएसएफ की ओर से पंजाब पुलिस को भी सूचना दी गई है। बीएसएफ और पंजाब पुलिस के जवान रात से ही सर्च अभियान चला रहे हैं।
बताया जा रहा है कि चकरी पोस्ट पर गश्त कर रहे बीएसएफ के जवानों ने छह संदिग्धों को देखा। ललकारने पर हलचल तेज हो गई तो बीएसएफ के जवानों ने संदिग्धों पर फायरिंग की। गोलीबारी होने के बाद संदिग्ध भाग गए। इसके बाद रात में ही तलाशी अभियान शुरू कर दिया गया था। रविवार को भी सर्च अभियान चलाया जा रहा है।
जुलाई 2020 में थल सेना प्रमुख जनरल एम एम नरवणे जम्मू-पठानकोट सेक्टर का दौरा करने आए थे। उस दौरान उन्होंने सैन्य अधिकारियों और जवानों को पाकिस्तान की ओर से संघर्ष विराम के उल्लंघन और घुसपैठ के प्रयासों का करारा जवाब देने के निर्देश दिए थे। उन्होंने कहा था कि सरकार और सभी संबंधित एजेंसियां सीमा पार से छेड़े गए छद्म युद्ध और राष्ट्र विरोधियों को मुंहतोड़ जवाब देने के लिए एकजुट होकर काम कर रहे हैं।
गोलीबारी में बीएसएफ और आर्मी के 5 जवान शहीद हुए थे, 6 नागरिकों की मौत
शुक्रवार को पाकिस्तानी सेना ने नियंत्रण (एलओसी) पर सीजफायर तोड़ा था। पाकिस्तान की फायरिंग में बीएसएफ और आर्मी के 5 जवान शहीद हो गए, 6 नागरिकों की भी मौत हुई है। सेना ने जवाबी कार्रवाई में पाकिस्तानी सेना के 3 कमांडो समेत 11 जवान ढेर कर दिए थे। भारतीय सेना ने कई पाकिस्तानी बंकरों को भी तबाह कर दिया था। इसके अलावा फ्यूल डम्प और लॉन्च पैड भी तबाह किए गए। करीब 16 पाकिस्तानी सैनिक जवाबी कार्रवाई में घायल भी हुए।
नवंबर में 128 बार सीजफायर वॉयलेशन
इस हफ्ते में यह दूसरा मौका है, जब पाकिस्तान ने सीजफायर तोड़ा है। इंडियन आर्मी के सूत्रों के मुताबिक, इस साल पाकिस्तान की तरफ से 4052 बार सीज फायर का उल्लंघन किया गया है। इनमें 128 बार नवंबर और 394 बार अक्टूबर में सीजफायर हुआ है। पिछले साल 3233 बार सीजफायर का उल्लंघन हुआ है।

COMMENTS