लुधियाना में भाजपा और यूथ कांग्रेस में झड़प : महंगाई के मुद्दे पर हुई बहस के बाद जमकर चले जूते-पत्थर, 3 कार्यकर्ता लहूलुहान, घायलों से मिलने डीएम

लुधियाना में भाजपा और यूथ कांग्रेस में झड़प : महंगाई के मुद्दे पर हुई बहस के बाद जमकर चले जूते-पत्थर, 3 कार्यकर्ता लहूलुहान, घायलों से मिलने डीएमसी पहुंचे प्रदेश बीजेपी प्रधान अश्वनी शर्मा
लुधियाना : (पी9 ब्यूरो) :



पंजाब में किसानों के कड़े विरोध का सामना कर रहे सियासी दलों के कार्यकर्ता अब आपस में भिड़ने लगे हैं। ताजा मामला लुधियाना जिले का है, जहां महंगाई के मुद्दे पर आमने-सामने हुए भारतीय जनता पार्टी और यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ताओं के बीच जमकर टमाटर, जूते और पत्थर चले। इस घटना के बाद इलाके में माहौल तनाव भरा बना हुआ है। पत्थर लगने से 3 युवक घायल हो गए, जिन्हें शहर के दयानंद मेडिकल कॉलेज (डीएमसी) ले जाया गया। पुलिस के सीनियर अधिकारियों के बीच पड़ने के बाद यूथ कांग्रेसी वर्कर वहां से चले गए। भाजपा नेताओं का कहना है शुरुआत कांग्रेस की तरफ से की गई थी और उनकी तरफ से इसका जवाब दिया गया है। इसलिए पुलिस को यूथ कांग्रेसियों पर आपराधिक मामला दर्ज करना चाहिए। वहीं घटना का पता चलते ही प्रदेश बीजेपी के प्रधान अश्वनी शर्मा घायलों का हालचाल जानने अस्पताल पहुंचे।
टमाटर, जूते और पत्थर तक चले, मर्यादा भूले नेता
प्रदर्शन के दौरान भाजपा के कार्यकर्ता पहले से ही अपने कार्यालय में जमा थे। पुलिस मौके पर तैनात की गई थी। भाजपा का कार्यालय इमारत की पहली मंजिल पर है और भाजपा कार्यकर्ता बालकनी में खड़े थे। इसी दौरान जैसे ही यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ता वहां नारेबाजी करने पहुंचे, तो उससे जवाब में भाजपा कार्यकर्ताओं ने भी नारेबाजी शुरू कर दी। इसी दौरान एक युवक ने भाजपा कार्यकर्ताओं की तरफ टमाटर और जूते फेंके और इसके बाद दोनों तरफ से पत्थर भी एक दूसरे पर मारे गए। इसके बाद पुलिस एक्शन में आई दोनों तरफ के कार्यकर्ताओं पर हल्का बल प्रयोग किया, तो मामला शांत हुआ। इस हादसे में तीन युवक घायल हुए बताए जा रहे हैं, जिन्हें सिविल अस्पताल में दाखिल करवाया गया। भाजपा के प्रधान पुशपिंदर सिंगल ने आपराधिक मामला दर्ज करने की मांग कर रहे हैं।
महंगाई पर भाजपा कार्यालय घेरने गए थे कांग्रेसी
यूथ कांग्रेस की तरफ से महंगाई के मुद्दे पर भारतीय जनता पार्टी के घंटा घर स्थित कार्यालय का घेराव करने का ऐलान किया गया था। यूथ कांग्रेस अध्यक्ष योगेश हांडा का कहना है कि महंगाई के मुद्दे पर सत्ता में आई केंद्र सरकार की वजह से लगातार महंगाई बढ़ रही है। इस दौरान एक युवक ने नरेंद्र मोदी की नकल करते हुए वह बातें दोहराईं जो चुनाव से पहले रैली में करते रहे हैं। इस दौरान दोनों तरफ से युवकों ने एक दूसरे को हूटिंग भी की।
पहले भी आमने-सामने हो चुके भापजाई और कांग्रेसी
2 दिन पहले भाजपा की तरफ से इंप्रूवमेंट ट्रस्ट की इमारत को ताला लगा दिया गया था। वहां पर यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ता भी प्रदर्शन कर रहे थे। जैसे ही भाजपा कार्यकर्ता वहां से गए तो यूथ कांग्रेस के नेताओं ने गेट तोड़ दिया था। भाजपा जिला अध्यक्ष पुशपिंदर सिंगल का कहना है कि उसी का बदला लेने के लिए ही कांग्रेस ने अपने यह गुंडे यहां भेजे थे।
पुलिस कराएगी मामले की जांच : एडीसीपी
हालात खराब होते देख मोके पर पुलिस के उच्चाधिकारी जेसीपी जे एलनचेलियन, दीपक पारेख समेत कई अधिकारी एवं भारी पुलिस फोर्स पहुंच गई। उच्चाधिकारियों ने वर्करों एवं नेताओं को समझाया और उनको वहां से भेज दिया। तब जाकर स्थिति सामान्य हुई।
एडीसीपी डा. प्रज्ञा जैन का कहना है कि इस मामले की विस्तृत जांच की जाएगी। जांच के बाद आरोपितों के खिलाफ कानून के अनुसार कार्रवाई की जाएगी। पुलिस सभी तथ्य इक्टठे कर रही है।

COMMENTS