यूको बैंक की खिड़की तोड़ चोरी का प्रयास लुधियाना : (पी9 ब्यूरो) : जुगियाना इलाके में यूको बैंक की खिड़की तोड़कर घुसे चोरों ने चोरी का प्रय

यूको बैंक की खिड़की तोड़ चोरी का प्रयास
लुधियाना : (पी9 ब्यूरो) :
जुगियाना इलाके में यूको बैंक की खिड़की तोड़कर घुसे चोरों ने चोरी का प्रयास किया। हालांकि चोर बैंक के स्ट्रांग रूम तक नहीं पहुंच सके। चोरों ने बैंक के अंदर पड़ी अलमारी का ताला तोड़ डाला। मगर जब वहां कुछ नहीं मिला तो बैरंग लौट गए।
घटना का पता रविवार सुबह तब चला, जब किसी राहगीर ने टूटी खिड़की देखी। इसके बाद बैंक मैनेजर को फोन करके घटना की जानकारी दी और पुलिस को सूचित किया। पुलिस ने जायजा लेने के बाद छानबीन शुरू कर दी। पुलिस को सीसीटीवी कैमरे की फुटेज भी मिली है जिसे कब्जे में लेकर छानबीन की जा रही है। सीनियर बैंक मैनेजर अजय कुमार ने बताया कि सुबह जब उन्हें पता चला तो वे मौके पर पहुंचे। बैंक में सब कुछ सही सलामत पड़ा मिला। इसके बावजूद बैंक का स्टाफ अपने दस्तावेज चेक कर रहा है। बैंक का एटीएम और तथा स्ट्रांग रूम बिलकुल सही सलामत हैं। उन्होंने मांग की कि पुलिस जल्द आरोपितों पर एफआइआर दर्ज करे।
दूसरी और थाना साहनेवाल प्रभारी बलविदर सिंह ने कहा कि यह घटना शनिवार-रविवार रात की है। सीसीटीवी फुटेज में दिखा है कि दो नशेड़ियों ने खिड़की को तोड़ कर चोरी का प्रयास किया। जब वे बैंक के अंदर गए, उसी समय पीसीआर की गश्त टीम वहां पहुंच गई। टीम को देखकर आरोपित फरार हो गए। बैंक की जिस खिड़की को तोड़ा गया है, वो इतनी कमजोर थी कि उसे हल्का सा धक्का लगने से भी वो टूट सकती थी। मगर अब बैंक उसे हटा कर वहां दीवार बना रहा है। उन्होंने कहा कि मामले में एफआइआर दर्ज नहीं की जा रही है। केवल रिपोर्ट दर्ज की गई है।

COMMENTS