पंजाब विजिलेंस का तहसीलदारों पर शिकंजा : भ्रष्ट अधिकारियों की लिस्ट बनाकर सरकार को भेजी, एजेंटों के माध्यम से चल रही रिश्वतखोरी लुधियाना : (रवि वर
पंजाब विजिलेंस का तहसीलदारों पर शिकंजा : भ्रष्ट अधिकारियों की लिस्ट बनाकर सरकार को भेजी, एजेंटों के माध्यम से चल रही रिश्वतखोरी
लुधियाना : (रवि वर्मा ब्यूरो) :

पंजाब की भगवंत मान सरकार भ्रष्टाचार के खिलाफ पूरी तरह एक्शन मोड़ में है। विजिलेंस ब्यूरो ने राज्यभर की तहसीलों की जांच के बाद अपनी रिपोर्ट मुख्यमंत्री को भेजी है। जिसमें विजिलेंस ने 48 लोगों के नामों का खुलासा किया है जो भ्रष्टाचार में संलिप्त हैं। इनमें तहसीलदार-नायब तहसीलदार और उनके एजेंट अर्जी नवीस शामिल हैं। विजिलेंस ने अपनी रिपोर्ट में लिखा है कि खुलेआम एजेंटों के माध्यम से तहसीलों में रिश्वखोरी का धंधा चल रहा है। भ्रष्टाचार का यह धंधा कोड वर्ड के जरिए चल रहा है। वसीका-नवीस और अर्जी नवीस रजिस्ट्री पर कोड वर्ड डाल देते हैं और उसी के अनुसार, तहसील में दिनभर हुई कलेक्शन का हिस्सा शाम को तहसीलदार के पास पहुंच जाता है।


अधिकारी रजिस्ट्री में कर रहे गड़बड़ी
विजिलेंस ने अपनी रिपोर्ट में कहा है कि तहसीलों में सरकार के खजाने को चूना लगाया जा रहा है। शहरी क्षेत्र की संपत्तियों को ग्रामीण क्षेत्रों में दिखा कर और कॉमर्शियल संपत्तियों को रिहायशी दिखाकर उनकी रजिस्ट्रियां की जा रही हैं। इससे सरकार को खासा राजस्व घाटा हो रहा है। यह सारा खेल तहसील अपने एजेंटों के माध्यम से कर रहे हैं। गैर कानूनी कॉलोनियों के नाम पर भी बड़ा खेल हो रहा है। मोटी रकम वसूल कर बिना NOC के रजिस्ट्रियां की जा रही हैं। यहां तक कि जो कॉलोनियां अधिकृत हैं वहां पर प्लाट लेने वालों को NOC का डर दिखाकर उनसे रिश्वत ली जा रही है। कई मामले ऐसे भी सामने आए हैं जिनमें विरासत-फर्द बदल कर इंतकाल चढ़ाने के नाम पर पटवारी औऱ तहसीलदार मिलकर मोटी रकम हड़प कर गए हैं।
COMMENTS