राजनीतिक हलचल : चौ: मदन लाल बग्गा अकाली दल छोड़ आप में हुए शामिल, 24 साल के सियासी करियर में तीन बार पार्टियां छोड़ी लुधियाना : (पी9 ब्यूरो) :
राजनीतिक हलचल : चौ: मदन लाल बग्गा अकाली दल छोड़ आप में हुए शामिल, 24 साल के सियासी करियर में तीन बार पार्टियां छोड़ी
लुधियाना : (पी9 ब्यूरो) :
पंजाब में विधानसभा चुनावों के चलते सभी पार्टियां एक-दूसरे के लीडरों को तोड़कर अपनी पार्टी को मजबूत करने में लगी हैं। इसी के चलते अकाली दल के सीनियर नेता चौधरी मदन लाल बग्गा एक बार फिर पलटकर रविवार को आम आदमी पार्टी में शामिल हो गए। वहीं, अकाली दल ने पांच साल में दूसरी बार बग्गा को पार्टी से निष्कासित कर दिया है।
जालंधर बाईपास स्थित पैलेस में आयोजित कार्यक्रम के दौरान दिल्ली से विधायक और पंजाब मामलों के सह-इंचार्ज राघव चड्डा, नेता हरपाल सिंह चीमा, बीबी सरबजीत कौर माणुके, विधायक मास्टर बलदेव सिंह और जिला प्रधान सुरेश गोयल ने चौधरी मदन लाल बग्गा और उनके साथियों का औपचारिक तौर पर आम आदमी पार्टी में शामिल करवाया।
हाईकमान के निर्देश पर चलकर करूंगा काम : मदन लाल बग्गा
आप में शामिल होने के बाद चौधरी मदन लाल बग्गा ने कहा कि हाईकमान की तरफ से जो निर्देश आएंगे, उसी ट्रैक पर चलकर काम करूंगा। चौधरी मदन लाल बग्गा ने 1997 में पहली बार आजाद उम्मीदवार के तौर पर पार्षद के लिए चुनाव लड़ा था, जिसमें वो 4 हजार वोटों से जीते। 2002 में बग्गा कांग्रेस में शामिल हुए और उन्होंने फिर पार्षद चुनाव लड़ा और जीते। 2007 में बग्गा ने एमएलए चुनाव के लिए दावेदारी की। टिकट न मिलने पर उन्होंने आजाद चुनाव लड़े, मगर वो हार गए। फिर वे अकाली दल में शामिल हो गए। ।
10 साल तक पार्टी में काम करते हुए उन्हें व्यापार बोर्ड का चेयरमैन बनाया गया, जिसे राज्य मंत्री के स्तर की पावर दी गई। बग्गा ने दोबारा एमएलए के लिए टिकट अकाली दल से मांगी, लेकिन टिकट भाजपा को दी गई। लिहाजा बग्गा ने पार्टी छोड़कर आजाद चुनाव लड़े, उन्हें 13 हजार के करीब वोट पड़ी और वो हार गए। इसके बाद अब वो आम आदमी पार्टी में शामिल हो गए।
राघव बाेले-कांग्रेस एवं अकाली दल की नीतियों से परेशान
भोला कांग्रेस को छोड़कर आम आदमी पार्टी में शामिल हुए थे। इस अवसर पर राघव ने कहा कि सूबे के पारंपरिक राजनीतिक दलों के नेता अब आम आदमी पार्टी का रूख कर रहे हैं। साफ है कि लोग भी बदलाव चाहते हैं। लोग कांग्रेस एवं अकाली दल की नीतियों से परेशान हो गए हैं। ऐसे में आप बेहतर विकल्प साबित हो सकता है। पार्टी संयोजक अरविंद केजरीवाल ने पंजाब के लोगों को 24 घंटे बिजली एवं 300 यूनिट मुफ्त बिजली देने का वादा किया है।
विधानसभा चुनाव से पहले राजनीतिक दलों में सरगर्मियां बढ़ी
पंजाब में विधानसभा के चुनाव ज्यों-ज्यों नजदीक आ रहे हैं। राजनीतिक दलों में सरगर्मियां बढ़ रही हैं। नेताओं का भी एक पार्टी से दूसरी में जाने का सिलसिला जारी है। आम आदमी पार्टी ने भी पिछले एक सप्ताह के भीतर शहर के दो नेताओं को पार्टी में शामिल करा राजनीतिक दांव खेला है। बग्गा से पहले कांग्रेस के वरिष्ठ नेता दलजीत सिंह भोला गरेवाल ने भी आम आदमी पार्टी को ज्वाइन किया था।

COMMENTS