कांग्रेस की कलह : 10 मंत्री, 12 विधायक तलब, सिद्धू के बयानों के सबूत ले कैप्टन भी हाईकमान के पास पहुंचे गुटबाजी बढ़ती देख हाईकमान एक्टिव, सीनि

कांग्रेस की कलह : 10 मंत्री, 12 विधायक तलब, सिद्धू के बयानों के सबूत ले कैप्टन भी हाईकमान के पास पहुंचे
गुटबाजी बढ़ती देख हाईकमान एक्टिव, सीनियर लीडरशिप को दिल्ली बुलाया
नवजोत सिद्धू की बयानबाजी पर पंजाब प्रभारी सख्त, बोले- हाईकमान इसका नोटिस लेगा
चंडीगढ़ : (पी9 ब्यूरो) :
कांग्रेस में कलह रुकने का नाम नहीं ले रही। दो विधायकों के बेटों को नौकरी के फैसले ने कलह और बढ़ा दी है। गुटबाजी और बयानबाजी को देखते हुए कांग्रेस हाईकमान मंगलवार को एक बार फिर पंजाब के कई कांग्रेस नेताओं से मुलाकात करेगा। इसके लिए मुख्यमंत्री सोमवार को ही दिल्ली पहुंचे। खड़गे पैनल से मिलने के बाद मुख्यमंत्री राहुल से मिलेंगे। नवजोत सिंह सिद्धू भी राहुल गांधी के साथ मुलाकात करेंगे।
कांग्रेस नेताओं की सोनिया गांधी से भी मुलाकात की संभावना है। सोमवार को विधायक राजकुमार वेरका, सांसद औजला और कुलजीत नागरा ने राहुल गांधी से मुलाकात की। मंगलवार को सुनील जाखड़, 10 मंत्रियों, 12 विधायकों की तीन मेंबरी कमेटी से मुलाकात होगी। सूत्रों के अनुसार कैप्टन अमरिंदर खड़गे पैनल और राहुल गांधी को नवजोत सिद्धू की बयानबाजी की रिपोर्ट देकर कार्रवाई की मांग करेंगे। इसीबीच, पार्टी के प्रदेश प्रभारी हरीश रावत ने नवजोत सिद्धू की बयानबाजी पर एतराज जताते हुए कहा कि पार्टी इसका नोटिस लेगी।
सिद्धू लगातार बोल रहे हैं कैप्टन के खिलाफ
नवजोत सिद्धू द्वारा एक बार फिर सीएम के खिलाफ मोर्चा खोलने के बाद मंगलवार को होने वाली बैठक का महत्व बढ़ गया है। सिद्धू ने कहा है कि वह चुनाव में इस्तेमाल होने वाले ‘शो पीस’ नहीं हैं। इससे पहले सिद्धू ने कहा था कि बार-बार कहने पर भी जब सरकार ने ठोस कदम नहीं उठाए तो उनको सिस्टम से हटना पड़ा। कैप्टन के खिलाफ सिद्धू लगातार बयानबाजी कर रहे हैं। दोनों नेता पहले पैनल के समक्ष अपनी बात रखेंगे फिर सोनिया गांधी, राहुल गांधी से मिलेंगे। दोनों को आमने-सामने बैठाकर विवाद खत्म करने की कोशिश होगी।
राहुल गांधी के साथ आज ये नेता करेंगे मुलाकात…
राहुल से मंगलवार को मुलाकात करने वालों में कैबिनेट मंत्री तृप्त राजिंदर सिंह बाजवा, सुखबिंदर सरकारिया, सुखजिंदर सिंह रंधावा, चरणजीत चन्नी, भारत भूषण आशू, रजिया सुल्ताना, साधु सिंह धर्मसोत शामिल हैं। इनके अलावा परगट सिंह, कीकी ढिल्लों, संगत गिलजियां, नवतेज चीमा, कुलबीर सिंह जीरा की राहुल गांधी के साथ मीटिंग होगी।
जाखड़ से अलग से होगी मीटिंग…
पीपीसीसी के अध्यक्ष सुनील जाखड़ ने कहा कि राहुल गांधी के साथ मीटिंग का मैसेज आया है। मीटिंग का उद्देश्य मौजूदा सियासी हालात पर चर्चा करना है। पिछले कुछ समय से वरिष्ठ नेताओं के बीच मतभेद बढ़ रहे हैंं। सभी विवाद सुलझाना जरूरी है। इसीलिए राहुल गांधी ने मीटिंग का न्योता दिया है।
इधर, मीठी-मीठी सियासत
बेटे को नौकरी के लिए विधायक पांडे को शिअद ने खिलाए लड्डू, पांडे ने भी पोती की खुशी में मुंह मीठा करवाया
लुधियाना में विरोध स्वरूप शिअद वर्करों ने कांग्रेसी विधायक राकेश पांडे का मुंह मीठा कराया। वहीं, पांडे भी पहले से मिठाई लिए खड़े थे, उनके घर पोती हुई थी।
प्रताप बाजवा की भाई को नसीहत…बेटे को नौकरी का प्रस्ताव छोड़ें
सांसद प्रताप बाजवा ने छोटे भाई विधायक फतेहजंग बाजवा को नसीहत दी है कि बेटे को नौकरी का प्रस्ताव छोड़ दें। बाजवा ने लुधियाना के विधायक राकेश पांडे से भी कहा कि बेटे की नौकरी स्वीकार न करें। बाजवा ने कहा, स. सतनाम बाजवा और जोगिंदर पांडेय की पावन स्मृति को सम्मान देने का यही सबसे अच्छा तरीका होगा।

COMMENTS