गैंगस्टर जयपाल एनकाउंटर : जयपाल के फोन में ए,बी,सी,डी से सेव हैं नंबर, एक नंबर पर 2 दिन में 63 काॅल छठे दिन भी नहीं हुआ संस्कार एनकाउंटर के बाद
गैंगस्टर जयपाल एनकाउंटर : जयपाल के फोन में ए,बी,सी,डी से सेव हैं नंबर, एक नंबर पर 2 दिन में 63 काॅल
छठे दिन भी नहीं हुआ संस्कार
एनकाउंटर के बाद से सभी नंबर आ रहे बंद, जांच में जुटी पुलिस
लुधियाना : (पी9 ब्यूरो) :
कोलकाता में गैंगस्टर जयपाल भुल्लर और जसप्रीत सिंह उर्फ जस्सी के एनकाउंटर के बाद वेस्ट बंगाल एसटीएफ को फ्लैट से जयपाल के तीन मोबाइल मिले हैं। इनमें एक मोबाइल में करीब 20 नंबर सेव थे। यह सभी नंबर एल्फावेट जैसे ए, बी, सी व डी से सेव है। टीम ने सभी नंबरों को चेक किया लेकिन वे एनकाउंटर के बाद से स्विच ऑफ है। टीम द्वारा जयपाल के मोबाइलों की कॉल डिटेल निकाली गई है।
जिसमें एक नंबर पर जयपाल द्वारा दो दिन में 63 बार कॉल की हुई थी। लेकिन यह नंबर किसका है, अभी इसके बारे में पता नहीं चल सका है। उक्त नंबर मिलने पर वह स्विच ऑफ आ रहा है। वह एनकाउंटर के बाद से ऑन नहीं हुआ। टीम द्वारा उसके बाकी के मोबाइल भी चेक किए जा रहे हैं। आशंका है कि जयपाल द्वारा सिर्फ अपने करीबी और उसके काम आने वाले लोगों को ही अपने संपर्क में रखा गया था। वह सिर्फ उन्हीं से बातचीत करता था।
इधर, प्रशासन ने दोबारा पोस्टमार्टम से किया इनकार
एनकाउंटर की जांच व दोबारा पोस्टमार्टम को परिजन हाईकोर्ट में दायर करेंगे अर्जी
फिरोजपुर जिला प्रशासन द्वारा शव का दोबारा पोस्टमार्टम की मंजूरी न दिए जाने से सोमवार को भी जयपाल के शव का संस्कार नहीं हो सका। इसके चलते परिजनों ने अब हाईकोर्ट का रुख किया है। परिजनों का कहना है कि वह इस फर्जी एनकाउंटर का पर्दाफाश करने के लिए हाईकोर्ट में अपील करेंगे ताकि दोबारा पोस्टमार्टम की मंजूरी मिल सके व पोस्टमार्टम में जयपाल के गोलियां मारने से पूर्व किए गए टॉर्चर का सच सामने आ सके।
वहीं प्रशासनिक अधिकारियों का कहना है कि शव के दोबारा पोस्टमार्टम का कोई प्रावधान नहीं है। जयपाल के पिता रिटायर्ड इंस्पेक्टर भूपिंद्र सिंह के साथ शोक व्यक्त करने के लिए गैंगस्टर शेरा खुभन व विक्की गौंडर के पिता जयपाल के घर पहुंचे। उन्होंने भूपिंद्र सिंह के साथ शोक जताया।
बब्बी और दर्शन की निशानदेही पर कई तस्कर हिरासत में लिए
वहीं, दूसरी और नशा तस्करी के मामले में थाना सदर रायकोट की पुलिस द्वारा रिमांड पर लिए बलजिंदर सिंह उर्फ बब्बी व दर्शन सिंह से पूछताछ की जा रही है। उनसे पूछताछ के दौरान पता चला कि आरोपियों के लिंक कई तस्करों के साथ थे।
आरोपियों द्वारा रायकोट, लुधियाना व उसके आसपास के गांवों में भारी मात्रा में नशा सप्लाई किया जाता था। जिसके चलते पुलिस ने उनकी निशानदेही पर कई तस्करों को हिरासत में लिया है। जिनसे पूछताछ की जा रही है। दर्शन व बब्बी इन्हें चूरा पोस्त सप्लाई करते थे। हालाकि हिरासत में लिए तस्करों पर पहले भी 4 से 6 तस्करी के पर्चे दर्ज हैं। पुलिस अनुसार उक्त तस्कर पिछले काफी समय से दोनों आरोपियों से नशा खरीद रहे थे।


COMMENTS