ऑड-ईवन समाप्त कर रोज खोली जाएं दुकानें : हरियाणा प्रदेश व्यापार मंडल की सरकार से मांग, रोज दुकानें खोलने की अनुमति दें ताकि दुकानदारों को

ऑड-ईवन समाप्त कर रोज खोली जाएं दुकानें : हरियाणा प्रदेश व्यापार मंडल की सरकार से मांग, रोज दुकानें खोलने की अनुमति दें ताकि दुकानदारों को मिले राहत
पलवल : (पी9 ब्यूरो) :
कोरोना संक्रमण की धीमी रफ्तार को देखते हुए अनलॉक की प्रक्रिया जारी है। कोरोना का खतरा अभी पूरी तरह से टला नहीं है, ऐसे में सरकार ने भीड़ को नियंत्रण में रखने के लिए ऑड-ईवन सिस्टम लागू कर दुकानें खोलने की अनुमति दी गई है। जिसको लेकर व्यापारियों ने ऑड-ईवन सिस्टम को समाप्त करने की मांग की है। रविवार को हरियाणा प्रदेश व्यापार मंडल की जिला व शहरी इकाई में व्यापारियों ने सरकार से हर रोज दुकानें खोलने की मांग की है।
हरियाणा प्रदेश व्यापार मंडल जिलाध्यक्ष बलराम गुप्ता, शहरी अध्यक्ष विनोद जैन व प्रदेश संगठन मंत्री प्रवीण गर्ग ने सरकार से मांग करते हुए कहा कि अब ऑड-ईवन को समाप्त कर रोज दुकानें खोलने की इजाजत दी जाए। क्योंकि कोरोना के मामले अब बहुत कम आ रहे हैं। साथ ही शहर में दुकानों में लगातार चोरियां हो रही हैं, इन वारदातों पर अंकुश लगाने के लिए शहर में पुलिस गश्त बढ़ाई जाए। व्यापार मंडल के नेताओं ने कहा कि सरकार को छोटे व मध्यम दुकानदारों को ज्यादा रियायत देकर प्रदेश में व्यापार को बढ़ावा देना चाहिए। पिछले लॉक डाउन में दुकानदारों ने बंद दुकानों के किराए, बिजली-पानी के बिल, हाउस टैक्स, बैंक किस्त व कर्मचारियों का वेतन दिया था, लेकिन आज व्यापारी ऐसी स्थिति में नहीं है कि वे दुकानों के बिजली-पानी के बिल, हाउस व अन्य टैक्स भर सकें। इसलिए दुकानदारों के लिए विशेष राहत पैकेज की घोषणा सरकार करें। इसमें कम से कम दो माह का बिजली-पानी का बिल व एक साल का हाउस टैक्स माफ किया जाए। साथ ही बैंकों की किश्त भरने के लिए तीन माह की छूट देनी चाहिए।

COMMENTS