डीसी दफ्तर से लेकर सब रजिस्ट्रार दफ्तरों में अनिश्चितकाल के लिए हड़ताल लुधियाना : (पी9 ब्यूरो) : डीसी, एसडीएम, तहसील व सब रजिस्ट्रार दफ्त

डीसी दफ्तर से लेकर सब रजिस्ट्रार दफ्तरों में अनिश्चितकाल के लिए हड़ताल
लुधियाना : (पी9 ब्यूरो) :
डीसी, एसडीएम, तहसील व सब रजिस्ट्रार दफ्तरों में काम कर रहे मुलाजिम अनिश्चितकाल के लिए हड़ताल पर हैं। कर्मचारियों ने साफ कर दिया कि जब तक सरकार ने उनकी मांगों को पूरा नहीं किया, तब तक वह हड़ताल खत्म नहीं करेंगे। उधर, सरकार और मुलाजिमों के बीच कोई ठोस बातचीत ही नहीं हो रही। डीसी दफ्तर इंप्लाइज यूनियन के सदस्यों ने कोविड नियमों को देखते हुए सांकेतिक प्रदर्शन किया और दफ्तरों में कामकाज पूरी तरह ठप रखा।
कर्मचारियों की हड़ताल के कारण सेवा केंद्रों का काम भी प्रभावित हुआ और सब रजिस्ट्रार दफ्तरों में रजिस्ट्रियां नहीं हुई। कर्मचारी पिछले सप्ताह से हड़ताल पर चल रहे हैं सब रजिस्ट्रार दफ्तरों में लोग रजिस्ट्री करवाने नहीं पहुंचे। डीसी दफ्तर इंप्लाइज यूनियन के प्रधान विकास कुमार जुनेजा की अध्यक्षता में कर्मचारियों ने सीमित संख्या में उपस्थित होकर सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। विकास कुमार ने बताया कि यूनियन की प्रदेश कार्यकारिणी सरकार को पहले ही अल्टीमेटम दे चुकी है लेकिन सरकार ने अभी तक कर्मचारियों की मांगों पर विचार ही नहीं किया।
उन्होंने कहा कि कर्मचारी खाली पदों के भरे जाने व मौजूदा कर्मचारियों की पदोन्नति की घोषणा तक हड़ताल जारी रखेंगे। उन्होंने साफ किया कि कर्मचारियों ने दफ्तरी कामकाज को पूरी तरह बंद किया है लेकिन कोविड ड्यूटी सभी कर्मचारी कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि सरकार ने मांग नहीं मानी तो संघर्ष तेज किया जाएगा।
सेवा केंद्रों में बढ़ रही पेंडेंसी
सेवा केंद्रों के जरिये अलग अलग दस्तावेजों के लिए आवेदन करने वालों को उनके दस्तावेज नहीं मिल रहे हैं। जिसकी वजह से पेंडेंसी लगातार बढ़ती जा रही है। सेवा केंद्रों में लोगों से आवेदन लिए जा रहे हैं लेकिन तहसीलदार, एसडीएम व डीसी दफ्तर से दस्तावेज रिलीज नहीं किए जा रहे। जिसकी वजह से सेवा केंद्र लोगों को दस्तावेज नहीं दे पा रहे हैं।

COMMENTS