आरोपियों से 20 टन क्विंटल सरिया और ट्रक बरामद : एक लुटेरा बनता था कांस्टेबल, बाकी तीन खुद को अफसर बता लूटते थे माल, कर डाली 60 वारदातें लुधिया

आरोपियों से 20 टन क्विंटल सरिया और ट्रक बरामद : एक लुटेरा बनता था कांस्टेबल, बाकी तीन खुद को अफसर बता लूटते थे माल, कर डाली 60 वारदातें
लुधियाना : (पी9 ब्यूरो) :
समराला चौक के पास 28 मार्च को ड्राइवर अमर सिंह से सरिए से भरा ट्रक लूटने के मामले में पुलिस ने दो हाइवे लुटेरों को गिरफ्तार किया है। हालांकि उनके दो साथी अभी फरार हैं। एक आरोपी पुलिस कांस्टेबल की वर्दी पहनकर और बाकी तीन खुद को सरकारी अफसर बता लूटते थे। पुलिस ने आरोपियों से 20 टन क्विंटल सरिया, पुलिस की वर्दी और ट्रक बरामद कर लिया।
थाना डिवीजन 3 पुलिस ने अमृतसर गांव रणिके के रणजीत सिंह उर्फ राणा, अजनाला के लाल सिंह, घरिंडा के अमनदीप सिंह उर्फ भोलू और गांव होशियारपुर के गुरइकबाल सिंह उर्फ रूपा के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस ने पहले गिरफ्तार हुए आरोपी रणजीत सिंह को अदालत में पेश कर 2 दिन रिमांड पर लिया है। दूसरे आरोपी लाल सिंह को शुक्रवार पेश किया जाएगा।
जॉइंट कमिश्नर दीपक पारीक और एसएचओ जरनैल सिंह ने बताया कि मामले का शिकायतकर्ता अमर सिंह 27 मार्च की रात मंडी गोबिंदगढ़ से कामधेनु सरिया लेकर लुधियाना आया था, लेकिन रात ज्यादा होने पर समराला चौक के पास ट्रक में सो गया। अगली सुबह करीब 3.30 बजे होंडा इमेज कार सवार चार बदमाश आए। उन्होंने खुद को जीएसटी अफसर बताया।
एक आरोपी ने वर्दी पहन रखी थी। उन्होंने आकर पिस्तौल दिखा शिकायतकर्ता को बिल्टी से ज्यादा माल लोड करने का आरोप लगा चेकिंग के लिए कहा। इसके बाद उससे ट्रक छीनकर ले गए थे। जांच में पुलिस को पता चला कि आरोपियों ने वारदात की है। इसके बाद रणजीत की गिरफ्तारी के बाद मामले का खुलासा हुआ।
इकबाल ने खरीदी थी कांस्टेबल की वर्दी
एसएचओ जरनैल सिंह ने बताया कि आरोपी इकबाल सिंह कांस्टेबल की वर्दी लेकर आया था। वारदात के समय लाल सिंह उसे पहन लेता था। पुलिस ने वर्दी आरोपी के घर बैड के नीचे से बरामद की है। अमनदीप पर पहले चार व गुरइकबाल पर तीन मामले दर्ज हैं। आरोपी पहले जीरा, मोहाली, फिरोजपुर, अमृतसर समेत पंजाब के कई शहरों में 60 से अधिक वारदातें की हैं।
सस्ते भाव में बेचते थे ट्रक, शोर मचने पर लगा देते थे आग
जानकारीके मुताबिक आरोपी हाईवे पर ही लूट करते थे। वह लूट के बाद माल बेचकर ट्रक को भी दूसरे राज्य में जाकर कम रेट में बेच देते थे, लेकिन अगर किसी मामले में शोर मच जाता तो ट्रक को आग लगा देते थे। वारदातों के चलते रणजीत ने खुद का घर बेच दिया था। फिर अलग-अलग जगह किराए पर रहता था। वारदात में इस्तेमाल कार भी आरोपी इकबाल सिंह की है।
नट टूटने पर नहीं बेच सके थे सरिया और पकड़े गए
जॉइंट सीपी दीपक पारीक ने बताया कि आरोपी वारदात के बाद ट्रक को गोइंदवाल ले गए। वहां हाईवे पर टायर का नट टूटने के कारण वह रुक गया। इस पर दो आरोपी वहीं ट्रक के पास रहे, जबकि रणजीत सरिया बेचने के लिए गोराया आया। दूसरी तरफ पुलिस को आरोपियों के भागने की कई फुटेज मिली। इसके आधार पर उन्हें ट्रेस कर रणजीत को पकड़ लिया, लेकिन बाकी तीनों आरोपी भाग गए। इसके बाद लाल सिंह को गिरफ्तार किया।

COMMENTS