Homeपंजाब

लाडोवाल बाईपास जनता के लिए खोला

लाडोवाल बाईपास जनता के लिए खोला

लाडोवाल बाईपास जनता के लिए खोला, शहर में घटेगा ट्रैफिक लुधियाना : (पी9 ब्यूरो) : फिरोजपुर रोड को नेशनल हाईवे 44 से जोड़ने वाला लाडोवाल बाईप

श्रीकृष्ण-बलराम रथयात्रा काे लेकर आज कई रास्ते रहेंगे बंद
कांग्रेसी कुर्सियों की सीटो को लेकर आपस में उलझे,पंजाब हुआ बेघर : एडवोकेट बिक्रम सिंह सिद्धू
कैट ने स्वास्थ्य मंत्रालय के ऑनलाइन खरीदारी करने के अभियान का किया पुरजोर विरोध : हरकेश मित्तल कैट अध्यक्ष पंजाब

लाडोवाल बाईपास जनता के लिए खोला, शहर में घटेगा ट्रैफिक

लुधियाना : (पी9 ब्यूरो) :

फिरोजपुर रोड को नेशनल हाईवे 44 से जोड़ने वाला लाडोवाल बाईपास 98 फीसद तैयार हो गया। नेशनल हाईवे अथारिटी आफ इंडिया (एनएचएआइ) ने सिधवां कैनाल पर बने पुल का निर्माण पूरा कर अब यह बाईपास वाहनों की आवाजाही के लिए खोल दिया है। इस बाईपास के शुरू होने से फिरोजपुर रोड स्थित वेरका मिल्क प्लांट से लाडोवाल की दूरी कम तो नहीं हुई, लेकिन जहां पहले 50 मिनट से एक घंटे का समय लगता था, वहां अब ये सफर महज 20 मिनट में ही तय हो जाएगा। इस बाईपास से मुल्लांपुर की तरफ से जालंधर की तरफ जाने वाले और जालंधर से मुल्लापुर की तरफ जाने वालों को लुधियाना शहर के बीच से नहीं निकलना पड़ेगा। इससे वेरका मिल्क प्लांट से जगराओं पुल से होते हुए जालंधर बाईपास तक ट्रैफिक का दबाव कम हो जाएगा। हालांकि लाडोवाल बाईपास से निकलने वालों को कुछ जेब ढीली जरूर करनी पड़ेगी।
दरअसल, अभी तक वेरका मिल्क प्लांट से लाडोवाल तक जाने के लिए वाहन चालकों को आरती चौक होते हुए भारत नगर चौक, जगराओं पुल, एलिवेटेड रोड से जालंधर बाईपास की तरफ से 17 किलोमीटर की दूरी तय करनी पड़ती है। इस रूट पर जालंधर बाईपास तक कुल 12 ट्रैफिक सिग्नल आते हैं। इन्हें पार करने में करीब एक घंटे का समय लग जाता है। यही नहीं इन वाहनों के कारण शहर में ट्रैफिक जाम की स्थिति भी रहती है। अब वेरका मिल्क प्लांट से लाडोवाल टोल प्लाजा तक पहुंचने के लिए भी 17 किलोमीटर की दूरी तय करनी पड़ेगी, लेकिन इसके बीच में अभी सिर्फ दो सिग्नल आएंगे। यहां से निकलने में सिर्फ 20 मिनट में लाडोवाल टोल प्लाजा तक पहुंच जाएंगे। इस बाइपास के खुलने से फिरोजपुर की तरफ से जालंधर जाने वाले इसी रास्ते से निकल जाएंगे। इसी तरह जालंधर से फिरोजपुर की तरफ जाने वाले भी यहीं से निकल सकते हैं। इस रूट पर मेगा फूड पार्क के पास एक टोल बनाया गया है। किसान आंदोलन के कारण पंजाब में टोल बंद हैं, इसलिए अभी यहां से निकलने वालों को भी टोल नहीं लगेगा। टोल का रेट एनएचएआइ जल्दी ही वहां पर डिस्प्ले कर देगा।
जालंधर से फिरोजपुर की तरफ और फिरोजपुर से जालंधर की तरफ जाने वाले बाहरी वाहनों को तो फायदा होगा ही, इससे शहरवासियों को भी फायदा होगा। फिरोजपुर रोड के आसपास के इलाकों राजगुरु नगर, बीआरएस नगर, साउथ सिटी, अग्रनगर, दुगरी, सराभा नगर, शिमलापुरी, माडल टाउन, हैबोवाल, हंबड़ा रोड जैसे इलाकों को भी इसका फायदा मिलेगा। इसके अलावा मालेरकोटला रोड से जालंधर की तरफ जाने वाले वाहन भी दक्षिणी बाईपास के जरिए लाडोवाल बाईपास तक पहुंच सकते हैं। साउथ सिटी से बहादुर के रोड जालंधर बाईपास की तरफ जाने वाले उद्यमियों के लिए भी यह रास्ता आसान रहेगा।

ट्रकों को दिन में चुंगी के बाहर नहीं खड़ा करना पड़ेगा

जालंधर की तरफ से फिरोजपुर और फिरोजपुर से जालंधर की तरफ जाने वाले ट्रक दिन में चुंगी के बाहर दोनों तरफ खड़े हो जाते हैं, क्योंकि दिन में ट्रकों की नो एंट्री है। ऐसे में यहां ट्रकों की कतारें लग जाती हैं। अब ये बाईपास खुलने के बाद ट्रकों को यहां नहीं खड़ा होना पड़ेगा और वे दिन में भी अपने गंतव्य की ओर रवाना हो सकेंगे।

COMMENTS

WORDPRESS: 0
DISQUS: 0