कोरोना अपडेट : एक परिवार के 8 लोग, 11 छात्र, 5 टीचर समेत मिड डे मील वर्कर पाॅजिटिव, सर्वर ठप होने से रुकी वैक्सीनेशन इस साल पहली बार एक दिन में आए
कोरोना अपडेट : एक परिवार के 8 लोग, 11 छात्र, 5 टीचर समेत मिड डे मील वर्कर पाॅजिटिव, सर्वर ठप होने से रुकी वैक्सीनेशन
इस साल पहली बार एक दिन में आए 155 नए संक्रमित, 6 की मौत
लुधियाना : (पी9 ब्यूरो) :

कोरोना के केसों में लगातार इजाफा हो रहा है। इस साल पहली बार एक दिन में 155 नए संक्रमित सामने आए। इनमें एसबीएस नगर के एक ही परिवार के आठ लोग, विभिन्न स्कूलों के 11 स्टूडेंट्स, 5 टीचर और कोट मंगल सिंह सरकारी स्कूल में कार्यरत 45 वर्षीय मिड डे मील वर्कर की रिपोर्ट भी पॉजिटिव पाई गई है। इसके अलावा 6 लोगों की कोरोना से मौत हो गई।
वहीं, वीरवार को दिनभर कोविन पोर्टल का सर्वर स्लो रहा। इसके कारण कई हॉस्पिटल्स में सिर्फ 11:30 बजे तक ही वैक्सीनेशन हो सकी। कई हॉस्पिटल्स द्वारा अॉफलाइन जानकारी जुटा ली गई और लाभार्थियों को शुक्रवार को आने के लिए कहा गया। वहीं, जिन लाभार्थियों द्वारा प्राइवेट हॉस्पिटल्स में रजिस्ट्रेशन करवाई गई उन्हें हॉस्पिटल में बार-बार जाकर पता करना पड़ा। इस बारे में सिविल सर्जन (कोविड) डॉ.किरन आहलुवालिया से बात की गई तो उन्होंने कहा कि हमने इस संबंध में राज्य स्तर पर अधिकारियों को भी जानकारी दी है।
जिला स्तर पर आईटी एक्सपर्ट्स द्वारा इस समस्या को हल करने की भी कोशिश की गई है। सर्वर स्लो होने के कारण जिन्होंने पहले से रजिस्ट्रेशन करवाई थी उनमें भी सभी को वैक्सीन नहीं लग सकी और नए लाभार्थी भी रजिस्टर नहीं करवा पाए। वीरवार को 1341 लाभार्थियों द्वारा वैक्सीन लगवाई गई। इनमें 60 साल व इससे ज्यादा के 1092 और 45-59 साल के 249 लाभार्थी शामिल रहे।
वेंटिलेटर पर 6 मरीज- वीरवार को लुधियाना के 11 स्टूडेंट्स, 5 अध्यापक भी संक्रमित पाए गए है। इनमें 1 अध्यापक सरकारी स्कूल चक्क माफी, 1 गवर्नमेंट सीनियर सेकेंडरी स्कूल गिद्दड़विंडी, 2 अध्यापक एजुस्कवेयर दुगरी, 1 जोसेफ सीनियर सेकेंडरी स्कूल दुगरी धांधरा रोड संक्रमित हैं। जबकि शहीद करतार सिंह सराभा के 3, हलवारा के 2, साउथ सिटी, पखोवाल रोड, सराभा नगर, अग्र नगर, साहनेवाल और
लुधियाना के रहने वाले 1-1 स्टूडेंट की रिपोर्ट पॉजिटिव पाई गई है। वीरवार को पॉजिटिव मरीजों के संपर्क के 23 मरीज, ओपीडी के 14 मरीज, फ्लू कॉर्नर के 51 मरीज, ओपोलो हॉस्पिटल की 1 स्टाफ नर्स की रिपोर्ट पॉजिटिव पाई गई है। वहीं, लुधियानिा के 6 मरीज वेंटिलेटर पर हैं।
38 सेवा केंद्रों में 30 रुपए देकर हो सकेगी रजिस्ट्रेशन- अब सीनियर सिटीजन और 45-59 साल के गंभीर बीमारियों वाले लाभार्थी जिले के 38 सेवा केंद्रों में भी वैक्सीनेशन की रजिस्ट्रेशन करवा सकते हैं। डिप्टी कमिशनर वरिंदर शर्मा ने बताया कि 30 रुपए की फीस अदा कर रजिस्ट्रेशन आसानी से करवाई जा सकेगी। इसके लिए लाभार्थियों को आधार कार्ड, मोबाइल नंबर और ओटीपी के लिए वही मोबाइल नंबर साथ लाना होगा और गंभीर बीमारियों की सूरत में मेडिकल सर्टिफिकेट साथ लाना होगा। उन्होंने कहा कि ओटीपी सिस्टम होने के कारण जो मोबाइल नंबर रजिस्ट्रेशन के समय पर देंगे वो पास में होना चाहिए। ताकि ओटीपी तुरंत भरा जा सके। आम लोग जानकारी के लिए 7901901215 पर साहिल अरोड़ा या 9988551158 से सागर गुप्ता से बात कर सकते हैं।
फ्रंटलाइन वर्करों को दूसरी डोज लगनी शुरू- मेयर बलकार संधू ने भी कोविड-19 की वैक्सीन की पहली डोज लगवाई। उन्होंने लोगों की अपील की कि ज्यादा से ज्यादा लोग वैक्सीन लगवाए जिससे कोरोना की चेन को तोड़ा जा सके। वीरवार से फ्रंटलाइन वर्कर्स को भी दूसरी डोज लगने की शुरुआत हुई। 19 फ्रंटलाइन वर्कर्स ने दूसरी डोज लगवाई, हेल्थ केयर वर्कर्स में 272 ने दूसरी डोज लगवाई। वहीं, हेल्थ केयर वर्कर्स में 361 और फ्रंटलाइन वर्कर्स में 81 ने पहली डोज लगवाई। अब तक 20639 हेल्थ केयर वर्कर्स, 9217 फ्रंट लाइन वर्कर्स और 4219 आम लोग वैक्सीन लगवा चुके हैं। शुक्रवार को 41 प्राइवेट और 21 सरकारी हॉस्पिटल्स में वैक्सीनेशन प्रोग्राम होगा।

COMMENTS