प्रदूषण : नाले में गिरने वालेे पानी का लोगों के सुझाव के साथ दोबारा होगा सर्वे, पारदर्शिता लाने को बनेगी माॅनिटरिंग कमेटी विधायकों, पार्षदों और शह
प्रदूषण : नाले में गिरने वालेे पानी का लोगों के सुझाव के साथ दोबारा होगा सर्वे, पारदर्शिता लाने को बनेगी माॅनिटरिंग कमेटी
विधायकों, पार्षदों और शहरवासियों के जाने विचार
लुधियाना : (पी9 ब्यूरो) :

शहर के सबसे अहम बुड्ढे नाले को प्रदूषण मुक्त करने के लिए राज्य सरकार की तरफ से करीब 650 करोड़ के प्रोजेक्ट के वर्क ऑर्डर जारी करने की बात सामने आई है। इस प्रोजेक्ट के काम की शुरूआत से पहले लोगों के विचार जानने को गुरु नानक देव भवन में रखी मीटिंग किसी ठोस नतीजे पर नहीं पहुंच पाई। अफसरों ने प्रोजेक्ट की डीपीआर की जगह सिंपल प्रजेंटेशन पेश करते हुए आए लाेगों को समझाना चाहा, जो नकाफी था। काफी सवाल-जवाब के बाद अंत में ये फैसला हुआ कि प्रोजेक्ट के काम की शुरूआत से पहले अब नाले में गिर रहे पानी की मौजूदा समय के अनुसार दोबारा कैल्कुलेशन की जाएगी।
इस कार्य में पारदर्शित बनाए रखने के लिए माॅनिटरिंग कमेटी का गठन किया जाएगा। जबकि कंपनी अगले 10-12 दिनों में नई सर्वे रिपोर्ट पेश करेगी कि अब मौजूदा समय बुड्ढे नाले में कितना एमएलडी पानी गिर रहा है। वहीं, नाले के दोनों किनारों पर जहां सड़क नहीं बनी है वहां सड़क बनवाने की बात मानी गई है। इसके अलावा जमालपुर और बलोके में 375 करोड़ की लागत से 285 एमएलडी के नए एसटीपी बनेंगे।
इनके बनने के बाद और पुराने अपग्रेड होने पर सिटी में 703 एमएलडी डोमेस्टिक पानी रोजाना ट्रीट होगा। मीटिंग में टास्क फोर्स के चेयरमैन सतगुरु उदय सिंह, मंत्री भारत भूषण आशु, विधायक राकेश पांडे, विधायक संजय तलवाड़, मेयर बलकार सिंह संधू, प्रिंसिपल सेक्रेटरी लोकल बाॅडीज एके सिन्हा, सीईओ पीएमआईडीसी अजाॅय शर्मा, डिप्टी कमिश्नर वरिंदर कुमार शर्मा, निगम कमिश्नर प्रदीप कुमार सभ्रवाल, एडीसी डी संदीप कुमार मौजूद थे।
कहां क्या करेगी कंपनी
जमालपुर में 225 एमएलडी का नया ट्रीटमेंट प्लांट बनेगा। बलोके में 60 एमएलडी का नया ट्रीटमेंट प्लांट बनेगा। डेयरी वेस्ट के लिए ईटीपी और गारबेज कलेक्शन सिस्टम ताजपुर और हैबोवाल में 29.5 करोड़ से बनेगा। बलोके और भटिटयां में पहले से चल रहे एसटीपी की अपग्रेडेशन पर 49 करोड़ खर्च होंगे। 6 नए पंपिंग स्टेशन बनेंगे, जिनपर 65.5 करोड़ खर्च होंगे। सुंदर नगर पंपिंग स्टेशन से जामलपुर एसटीपी तक नाले के किनारे पाइप लाइन डाली जाएगी। कंपनी प्लांटों की 10 साल तक मेंटीनेंस करेगी।
लाॅकडाउन में हुआ सर्वे इसलिए उठी दोबारा कराने की मांग
दरअसल मीटिंग में पीएमआईडीसी सीईओ अजय शर्मा ने प्रोजेक्ट को लेकर जानकारी साझा की। इसके उपरांत कारोबारियों ने सवाल खड़ा किया कि कंपनी ने लॉकडाउन पीरियड में सर्वे किया है, जबकि उस समय किया गया सर्वे कुछ ही जगह पर किया गया था, जिस हिसाब से पानी का फ्लो कम दर्ज हुआ है। ऐसे में इस काम की शुरूआत से पहले दोबारा सर्वे कराया जाए। इस पर मंत्री भारत भूषण आशू ने कहा कि कंपनी से दोबारा सर्वे करवाया जाएगा और मौजूदा समय के अनुसार नाले के पानी की कैलकुलेशन करके 10-12 दिनों में रिपोर्ट पेश होगी।

COMMENTS