सत्ताधारी कांग्रेस पार्टी में गुटबाजी : मेयर- दुकानदारों ने सीएलयू की प्रक्रिया जानी तो जमा कराने लगे चेक, पार्षद- मेयर ने नहीं सुनी तो निगम कमिश्नर
सत्ताधारी कांग्रेस पार्टी में गुटबाजी : मेयर- दुकानदारों ने सीएलयू की प्रक्रिया जानी तो जमा कराने लगे चेक, पार्षद- मेयर ने नहीं सुनी तो निगम कमिश्नर से कहा- नोटिफिकेशन अनुसार लें चार्ज
शहर के दो बड़े नेता चेंज आफ लैंड यूज (सीएलयू) को लेकर आमने-सामने
लुधियाना : (पी9 ब्यूरो) :

काॅमर्शियल घोषित सड़कों पर बनी काॅमर्शियल इमारतों से सीएलयू चार्ज वसूलने के लिए निगम ने नोटिस जारी किए। पूरे शहर भर में सीएलयू की कार्रवाई को हाउस मीटिंग तक रोकने के लिए कांग्रेस के ही पार्षद गुरप्रीत गोगी ने कुछ दिन पहले मेयर बलकार संधू से मीटिंग की। मीटिंग में गोगी की बात को दरकिनार किया गया और सबसे पहले सीलिंग की कार्रवाई भी उन्हीं के वाॅर्ड से शुरू कर दी।
मेयर की ओर से कोई सुनवाई न होने पर अब गोगी ने निगम कमिश्नर से सोमवार को मुलाकात की और मेमोरंडम सौंपते हुए ये बताया कि लोकल बाॅडीज विभाग ने 1995 में सीएलयू के संबंध में नोटिफिकेशन और गाइडलाइन जारी की थी। शहर में इमारतों का सर्वे करते हुए उस समय की बनी हुई इमारतों से उस समय के नोटिफिकेशन के अनुसार चार्ज लिया जाए।
वहीं, मेयर बलकार सिंह संधू ने भी सोमवार को ही एक प्रेस नोट जारी करते हुए कहा कि घुमारमंडी के दुकानदारों ने सीएलयू के चार्ज की प्रक्रिया को समझते हुए चार्ज जमा करवाना शुरू कर दिया है। ऐसे में सीएलयू को लेकर मेयर और पार्षद में आपसी गुटबाजी सामने आने लगी है।
दुकानदारों ने जमा कराए 30 लाख के चेक
मेयर बलकार सिंह संधू ने सोमवार को सरकारी प्रेस नोट जारी किया है। जिसमें उन्होंने बताया कि शहर के सभी दुकानदारों, इंडस्ट्रियलिस्ट, इंस्टीट्यूट को एक बड़ी राहत देते हुए चेंज ऑफ लेंड यूज की मुहिम शुरू की है। पहले घुमारमंडी के दुकानदारों को इस बारे में कोई समझ न होने के कारण इस मुहिम का विरोध प्रदर्शन किया गया।
परंतु अब जब घुमारमंडी के दुकानदारों को सीएलयू की प्रक्रिया समझ आ गई तो बिना किसी दबाव के अपनी दुकानों के सीएलयू करवाने के लिए पैसे जमा करवाने शुरू कर दिए हैं। सोमावर को घुमारमंडी के दुकानदार उनके पास सीएलयू के चेक लेकर पहुंचे हैं। करीब 30 लाख की रकम के चेक जमा कराए गए हैं। जिनका वह धन्यवाद करते नजर आए। मेयर ने दुकानदारों से अपील की कि वे किश्तों में भी पैसे जमा करा सकते हैं।

निगम कमिश्नर से मिले गोगी, कहा बंद हो सीलिंग
पार्षद गुरप्रीत गोगी ने घुमारमंडी के दुकानदारों के हक में निगम कमिश्नर प्रदीप कुमार सभ्रवाल से मुलाकात की। गोगी ने बताया 1995 की नोटिफिकेशन और गाइडलाइन अनुसार घुमारमंडी समेत पूरे शहर में काॅमर्शियल इमारतें बिना सीएलयू के बनी हैं, उनको नोटिस जारी करते हुए 25.32 रुपए प्रति वर्ग फीट के अनुसार चार्ज वसूले जाने हैं। इसकी बाकायदा लेटर भी जारी हुई।
लेकिन निगम ने इसे अनदेखा कर नोटिस जारी करते हुए लोकल बाॅडीज विभाग के आदेशों की पालना नहीं की। उन्होंने मेमोरंडम देते हुए निगम कमिश्नर से मांग की है कि इस मामले की जांच करने तक सीलिंग की कार्रवाई बंद की जाए ताकि लोगों से धक्केशाही न हो सके।

COMMENTS