रिव्यू मीटिंग : नॉर्थ से कांग्रेसी विधायक पांडेय ने मेयर-कमिश्नर से की मीटिंग, अब पांडे ने विकास कार्यों को ले लगाई फटकार लुधियाना : (पी9 ब्यूरो)
रिव्यू मीटिंग : नॉर्थ से कांग्रेसी विधायक पांडेय ने मेयर-कमिश्नर से की मीटिंग, अब पांडे ने विकास कार्यों को ले लगाई फटकार
लुधियाना : (पी9 ब्यूरो) :

नगर निगम में इन दिनों सत्ताधारियों को मनाने की सियासी कवायद के तहत रिव्यू मीटिंग का दौर चला रहा है। शनिवार को हल्का नॉर्थ से कांग्रेसी विधायक राकेश पांडे ने मेयर बलकार सिंह संधू व निगम कमिश्नर प्रदीप कुमार सभ्रवाल के साथ जोन डी में मीटिंग की। इस दौरान उन्होंने अपने हल्के के वार्डों में विकास कामों को लेकर उपेक्षा के मुद्दे पर ओएंडएम ब्रांच के एसई की क्लास लगाई। इसके पहले हल्का सेंट्रल के सत्ताधारी विधायक सुरिंदर डावर भी इसी मुद्दे पर रिव्यू मीटिंग में खुली नाराजगी जता चुके हैं।
पांडे पहले भी जता चुके हैं नाराजगी
गौर हो कि पिछली कैप्टन सरकार में कैबिनेट मंत्री रहे पांडे छठी बार जीतने वाले शहर के मोस्ट-सीनियर एमएलए हैं। विकास के मुद्दे पर पहले वह कौंसलरों के साथ सड़क पर धरना भी लगा चुके हैं। तब मेयर उनको मनाने पहुंचे थे, अब फिर वह विकास के मुद्दे पर ही अपनों से नाराज नजर आए। बताते हैं कि उनके हल्के में लगते कुछ वाॅर्डों में नए ट्यूबवेलों के टेंडर हुए थे, लेकिन ट्यूबवैल नहीं लगे। अब मीटिंग में उनके तेवर भांप मेयर व निगम कमिश्नर ने भी संबंधित अफसरों की खिंचाई कर जरूरी आदेश दिए। इस दौरान कौंसलर मनी ग्रेवाल, गुरप्रीत गोपी, कौंसलर के पति साबी तूर मौजूद थे।
भेदभाव नीति के आरोप : जानना दिलचस्प होगा कि नेता विपक्ष हरभजन सिंह डंग ने कुछ दिनों पहले भेदभाव की नीति के आरोप लगा मेयर को मेमोरेंडम सौंप निगम सदन की मीटिंग जल्द बुलाने की मांग रखी थी।
अब आशु करेंगे मीटिंग : इसी कड़ी में हलका वेस्ट से कांग्रेसी विधायक व मंत्री भारत भूषण आशु भी निगम में रिव्यू मीटिंग करेंगे।

COMMENTS