पंजाब में लौटने लगे किसानों के जत्थे, 15 दिसंबर से शुरू होंगे सभी टोल प्लाजा लुधियाना : (पी9 ब्यूरो) : तीनों कृषि कानून वापस होने के बाद कुंडल
पंजाब में लौटने लगे किसानों के जत्थे, 15 दिसंबर से शुरू होंगे सभी टोल प्लाजा
लुधियाना : (पी9 ब्यूरो) :
तीनों कृषि कानून वापस होने के बाद कुंडली और सिंघु बार्डर से बड़ी संख्या में किसानों के जत्थे पंजाब लौटने लगे हैं। इसके साथ ही राज्य के विभिन्न टोल प्लाजा पर तैयारियां शुरू हो गई हैं। सभी टोल प्लाजा 15 दिसंबर से खुल जाएंगे, जिनमें बढ़ी हुई दरें लागू होंगी। किसान आंदोलन के कारण पंजाब में एक साल से भी ज्यादा समय से 23 टोल प्लाजा बंद हैं। यहां दिन रात किसानों का धरना चल रहा है। दिल्ली-जालंधर नेशनल हाईवे पर लुधियाना के लाडोवाल में स्थित टोल प्लाजा के सुपरवाइजर मलखान सिंह ने बताया कि हमने पूरी तैयारी कर ली है। पुरानी सड़क को उखाड़ कर दोबारा बनाया जा रहा है। साफ-सफाई करवाई जा रही है।
स्थानीय युवाओं को फिर से रोजगार मिलेगा
वहीं, पटियाला में शंभू बार्डर (पंजाब-हरियाणा के बीच) स्थित टोल प्लाजा के प्रबंधकीय अधिकारी नंद लाल ने कहा कि कर्मचारियों को वापस बुलाया जाएगा। इससे स्थानीय युवाओं को फिर से रोजगार मिलेगा। समाना रोड स्थित टोल प्लाजा के प्रबंधक रविंदर सिंह ने बताया कि कर्मचारियों को काम पर बुलाया जा रहा है। शुक्रवार को दिल्ली से लौटे किसानों ने टोल प्लाजा पर ढोल बजाकर जश्न मनाया और लड्डू बांटे।
सभी वाहनों को अनिवार्य तौर पर फास्टैग लगवाना पड़ेगा
पठानकोट के लदपालवां टोल प्लाजा के डिप्टी प्रोजेक्ट मैनेजर विजय यादव ने बताया कि सभी वाहनों को अनिवार्य तौर पर फास्टैग लगवाना पड़ेगा। कई वाहन चालकों ने फास्टैग रिचार्ज नहीं करवाया होगा, लेकिन बिना फास्टैग टोल प्लाजा पार करने पर दो गुणा रकम ली जाएगी। यहां 75 कर्मचारी और 28 सिक्योरिटी गार्ड थे। सभी को काम पर लौटने का संदेश भेज दिया गया है।

COMMENTS