पंजाब का वैक्सीनेशन कैंपेन : सूबे में 59 जगह टीकाकरण, बठिंडा में पहला इंजेक्शन एआईआईएम्एस डायरेक्टर को लगा, कैप्टन ने दी बधाई, बोले- कम आय वालों को म
पंजाब का वैक्सीनेशन कैंपेन : सूबे में 59 जगह टीकाकरण, बठिंडा में पहला इंजेक्शन एआईआईएम्एस डायरेक्टर को लगा, कैप्टन ने दी बधाई, बोले- कम आय वालों को मुफ्त दे केंद्र
सेहत मंत्री बलबीर सिंह सिद्धू बोले- किसी भी सेंटर पर 100 से अधिक लोगों को नहीं लगेगी वैक्सीन
चंडीगढ़ : (पी9 ब्यूरो) :


पंजाब में कोवीशील्ड का टीकाकरण शनिवार को शुरू हो गया है। सभी 22 जिलों में 59 सेंटरों पर वैक्सीन लगाने का काम जारी है। पहले चरण में हेल्थ केयर वर्करों, केंद्रीय, राज्य और सशस्त्र बलों की मेडिकल सेवाओं से जुडे लोगों को वैक्सीन लगाई जाएगी। इसके लिए सूबे में 1.6 लाख हेल्थ केयर वर्करों ने कोविन पोर्टल पर खुद को रजिस्टर कराया है। विभाग की तरफ से सभी को एसएम्एस भेजे गए हैं। आज बठिंडा में सबसे पहला टीका एआईआईएम्एस के डायरेक्टर प्रोफेसर डी के सिंह को लगाया गया।
मोहाली में कैप्टन अमरिंदर सिंह ने किया शुभारंभ
मोहाली में वैक्सीनेशन कैंपेन की शुरुआत के मौके पर प्रदेश के स्वास्थ्य कर्मियों और अन्य वर्गों को संदेश देते हुए मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह ने कहा कि मुझे इस अभियान की शुरुआत पर बहुत खुशी हो रही है। पंजाब सरकार ने स्वास्थ्य कर्मियों से टीकाकरण का शुभारंभ किया है। जल्द ही यह सुविधा आम लोगों तक भी पहुंचेगी। इस दौरान उन्होंने यह भी कहा कि उन्होंने कम आय वाले लोगों के लिए यह इंजेक्शन फ्री करने की मांग करते हुए प्रधानमंत्री को पत्र लिखा है। मुख्यमंंत्री यहां से वीडियो कॉन्फ्रेंस के जरिये सूबे की टीम से कनेक्ट हुए।
कहां किसको लगा पहला इंजेक्शन?
बठिंडा में सबसे पहला टीका एआईआईएम् एस के डायरेक्टर प्रोफेसर डी के सिंह को लगाया गया। फिर जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ. मिनाक्षी ने इंजेक्शन लगवाया।लुधियाना जिल मुख्यालय के सिविल अस्पताल में शनिवार दोपहर 1:00 बजे कोरोना वैक्सीनेशन शुरू हो गई। यहां डॉ. हरप्रीत बैंस ने सबसे पहले वैक्सीन लगवाई।
पटियाला जिले में माता कौशल्या अस्पताल में सांसद परनीत कौर ने टीकाकरण की शुरुआत की। पहला टीका सिविल सर्जन डॉक्टर सतिंदर सिंह को लगाया गया है।
फतेहगढ़ साहिब में पहला टीका एसएम्ओ डॉ. कुलदीप सिंह ने लगवाया, जबकि अभियान का शुभारंभ DC अमृत कौर गिल ने किया। इसी के साथ जिला अस्पताल, सब डिवीजन मंडी गोबिंदगढ़ के सिविल अस्पताल और खमाणों के सीएचसी में टीकाकरण शुरू किया गया।
फरीदकोट में विधायक कुशलदीप सिंह ढिल्लों की मौजूदगी में टीकाकरण के काम का शुभारंभ हुआ।
हर रोज 100 लोगों को लगाई जाएगी वैक्सीन
प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री बलबीर सिंह सिद्धू ने बताया कि निर्धारित 59 सेंटरों पर रोज सिर्फ 100 हेल्थ केयर वर्करों को कोविडशील्ड का इंजेक्शन दिया जाएगा। अभी वैक्सीनेशन का समय सुबह 9 से दोपहर 3 बजे तक रखा गया है। पहली डोज देने के लिए पहले दिन शामिल किए जाने वाले हेल्थ केयर कर्मचारियों को उसके मोबाइल फोन पर एक एसएम्एस भेजा जा रहा है। इसमें उसका रजिस्ट्रेशन नंबर और वैक्सीन लगवाने का समय दिया गया है।
मंत्री ने कहा कि पंजाब सरकार ने वैक्सीनेशन की योजना बनाई गई है, जिसके लिए हैल्थ केयर वर्कर, फ्रंट लाइन वर्कर, बुजुर्ग (50 साल से अधिक उम्र वाले) और 50 साल से कम उम्र के बीमार लोग हैं। वैक्सीनेशन साइटों पर शनिवार को पहली डोज देने के 28 दिन बाद दूसरी खुराक देने के लिए प्रोटोकॉल के अनुसार जरूरी योजना बनाई जाएगी।
किस जिले में कितनी डोज पहुंची हैं कोवीशील्ड की?
कोवीशील्ड की लुधियाना में 36510, अमृतसर में 20880, जालंधर में 16490, मोहाली में 13640, बठिंडा में 12430, पटियाला में 11080, गुरदासपुर में 9790, होशियारपुर 9570 डोज पहुंची हैं। तरनतारन में 8210, संगरूर में 7660, रोपड़ में 6360, फिरोजपुर में 6200, पठानकोट में 5860, मुक्तसर में 5420, नवांशहर में 5300, फरीदकोट में 5030, फाजिल्का में 4670, कपूरथला में 4600, फतेहगढ़ साहिब में 4400, बरनाला में 4160, मानसा में 3160 और मोगा में 2600 डोज वैक्सीन पहुंची है।

COMMENTS