लुधियाना में नई वार्डबंदी पर पार्षदों में गुस्सा : कांग्रेस-भाजपा के पार्षद दूरबीन लेकर पहुंचे, इलाका ढूंढने वाले को 500 रुपए इनाम देंगे लुधियाना
लुधियाना में नई वार्डबंदी पर पार्षदों में गुस्सा : कांग्रेस-भाजपा के पार्षद दूरबीन लेकर पहुंचे, इलाका ढूंढने वाले को 500 रुपए इनाम देंगे
लुधियाना : (रवि वर्मा ब्यूरो) :

लुधियाना में नगर निगम चुनाव से पहले नई वार्डबंदी का नक्शा D-जोन की दूसरी मंजिल पर लगाया गया है। नक्शे को लेकर पार्षद पूरा दिन निगम अधिकारियों और सरकार पर भड़कते रहे। सोमवार को भाजपा और कांग्रेस के पार्षद दूरबीन लेकर वार्डबंदी के नक्शे का विरोध करने पहुंचे। कुछ पार्षदों ने तो वार्ड या मोहल्ले को नक्शे में ढूंढने वालों के लिए 500 रुपए का इनाम तक रख दिया। पार्षद गुरदीप सिंह नीटू ने कहा कि दूसरी मंजिल पर नक्शा लगाकर अधिकारियों ने ड्रामेबाजी की है। इस तरह कोई आम आदमी या पार्षद किस तरह अपना एतराज दायर कर पाएगा क्योंकि नक्शे में इलाकों की पहचान ही नहीं हो पा रही है। आज दूरबीन की मदद से भी नक्शे से अपना वार्ड और मोहल्ला देखने की कोशिश की, लेकिन कुछ नजर नहीं आ रहा।
निगम अधिकारियों ने बंद की आंखें
उन्होंने कहा कि निगम अधिकारी आंखें बंद करके बैठे हैं। जनता की समस्या का समाधान नहीं किया जा रहा। पंजाब सरकार ने लोगों के साथ धोखेबाजी की है। वार्डबंदी में हदबंदियां गलत की। जब पहले से नोटिफिकेशन में तय है कि वार्ड न तो बढ़ेंगे और न ही कम होंगे तो वार्डों में अलग से इलाके क्यों जोड़ कर तोड़फोड़ की गई।
उन्होंने कहा कि मौजूदा सरकार के नुमाइंदों ने वोट न मिलने के चलते इलाकों को इधर से उधर किया है। नीटू ने कहा कि कुछ समझ नहीं आ रहा कि कौन सा मोहल्ला उनके वार्ड से जुड़ा है या कटा है। आज कांग्रेस, भाजपा और शिअद सभी पार्टियों के नेता लगातार इस नई वार्डबंदी का विरोध कर रहे हैं।
पार्षद को ही वार्ड से बाहर किया
पार्षद राजा नवनीत सिंह घायल ने कहा कि आज जब नक्शा देखने की कोशिश की तो पता नहीं चल पाया कि उनके वार्ड में कौन से नए इलाके जुड़े है। जिन इलाकों से वह पहले चुनाव में उम्मीदवार रहे हैं वो सभी इलाके आज उनके वार्ड से बाहर कर दिए हैं। हर वार्ड में कोई न कोई व्यक्ति चुनाव लड़ने का इच्छुक है, लेकिन लोगों को उनके वार्ड की भौगोलिक स्थिति ही नहीं पता चल पा रही तो वह चुनाव में कैसे भाग ले सकते हैं।
उनका परिवार 20 साल से पार्षद की सीट संभाल रहा है। यह निगम अधिकारियों की बड़ी लापरवाही है कि लोगों तक इस नई वार्डबंदी का नक्शा नहीं पहुंच पा रहा।
मोहल्ला ढूंढने वाले को 500 रुपए इनाम देंगे
पार्षद पति रोहित सिक्का ने कहा कि वह उस निगम अधिकारी को 500 इनाम देंगे जो इस नक्शे से उनके वार्ड या मोहल्ले का नाम ढूंढ के बता देगा। दूरबीन का इस्तेमाल करने पर भी इलाकों के नाम नहीं पता चल पा रहे हैं। मैप बिल्कुल उलट है। सरकार बदलाव की बात करती है, लेकिन लोगों को गुमराह किया जा रहा है।

COMMENTS