पूर्व डीजीपी सैनी के घर विजिलेंस की रेड : चंडीगढ़ सेक्टर-20 में बनी कोठी पर पहुंची विजिलेंस टीम, सैनी के वकील ने मांगी एफआईआर की कॉपी, सवा घंटे बाद ल
पूर्व डीजीपी सैनी के घर विजिलेंस की रेड : चंडीगढ़ सेक्टर-20 में बनी कोठी पर पहुंची विजिलेंस टीम, सैनी के वकील ने मांगी एफआईआर की कॉपी, सवा घंटे बाद लोकल पुलिस के साथ अंदर घुसे दो अफसर
चंडीगढ़ : (पी9 ब्यूरो) :

पंजाब विजिलेंस ब्यूरो की टीम ने सोमवार शाम को पूर्व डीजीपी सुमेध सिंह सैनी के चंडीगढ़ में सेक्टर-20 स्थित घर पर रेड की। शाम तकरीबन 8 बजे 20 से 25 पुलिसवाले गाड़ियों में पहुंचे और सैनी की कोठी को घेर लिया। विजिलेंस टीम ने कोठी के मुख्य गेट के अलावा पिछली तरफ भी घेरा डाल लिया। हालांकि विजिलेंस टीम तुरंत घर के अंदर नहीं घुस पाई। रेड की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचे सुमेध सिंह सैनी के वकील रमनप्रीत सिंह संधू का कहना था कि ये कोठी प्राइवेट प्रॉपर्टी है। विजिलेंस अधिकारी पहले लोकल पुलिस को बुलवाएं क्योंकि लोकल पुलिस आने के बाद ही उन्हें अंदर जाकर चेकिंग की इजाजत दी जाएगी। सैनी के वकील ने विजिलेंस अधिकारियों से सैनी के खिलाफ दर्ज की गई FIR की कॉपी दिखाने को भी कहा। इस गहमागहमी के बीच चंडीगढ़ सेक्टर-19 थाने के एसएचओ मलकीत कुमार पुलिस मुलाजिमों के साथ मौके पर पहुंच गए। लगभग सवा घंटे बाद, रात सवा 9 बजे लोकल पुलिस और सैनी के वकील के साथ विजिलेंस के दो अधिकारी घर के अंदर दाखिल हो गए। टीम ने कोठी के कमरों के अलावा पोर्च और गार्डन में रखे गमलों तक की भी तलाशी ली है।
छापेमारी जमीन से जुड़े करप्शन के ताजा केस में या बेअदबी में? अफसरों ने साधी चुप्पी
सैनी के घर रेड किस मामले में डाली गई है? इस बारे में विजिलेंस ब्यूरो के अधिकारी कुछ भी बताने को तैयार नहीं हैं। अफसरों का कहना था कि वो पहले अपनी कार्रवाई पूरी कर लें, उसके बाद इस बारे में बात करेंगे। चर्चा यह भी है कि सैनी के खिलाफ जमीन से जुड़ा करप्शन का ताजा केस दर्ज हुआ है।
कोठी में मौजूद बुजुर्ग बोला-वकील आने तक नहीं खुलेगा दरवाजा
सुमेध सिंह सैनी की कोठी पर विजिलेंस ब्यूरो की रेड की जानकारी मिलते ही मौके पर लोग जमा हो गए। जिस समय रेड हुई, उस समय कोठी के गेट पर अंदर से ताला लगा था। विजिलेंस अधिकारियों के डोरबेल बजाने पर कोठी से एक बुजुर्ग बाहर आए और यह कहते हुए दरवाजा खोलने से इनकार कर दिया कि वह अपने वकील के आने तक से गेट नहीं खोलेंगे। लगभग 10 मिनट बाद सैनी के वकील रमनप्रीत सिंह संधू मौके पर पहुंच गए। संधू ने मामला पूछा मगर विजिलेंस अधिकारी कुछ बोलने को तैयार नहीं हुए।
उधर विजिलेंस रेड की जानकारी मिलते ही चंडीगढ़ पुलिस के सेक्टर-19 थाने के एसएचओ मलकीत कुमार दलबल के साथ मौके पर पहुंच गए। लोकल पुलिस और विजिलेंस अधिकारियों के समझाने पर लगभग सवा घंटे बाद, रात 9.14 मिनट पर कोठी का गेट खोला गया। उसके बाद विजिलेंस टीम के दो अधिकारी चंडीगढ़ पुलिस के एसएचओ मलकीत कुमार और सैनी के वकील रमनप्रीत सिंह संधू के साथ कोठी के अंदर दाखिल हुए। रात 10 बजे तक विजिलेंस की टीम कोठी के अंदर जांच करने में लगी रही।
बेअदबी मामले में भी SIT कर चुकी सैनी से पूछताछ
वर्ष 2015 में जिस समय पंजाब में गुरु ग्रंथ साहिब की बेअदबी की घटनाएं हुई और उसके बाद बहबलकलां व कोटकपूरा में लोगों पर फायरिंग की गई, उस समय सुमेध सिंह सैनी ही पंजाब के डीजीपी थे। इसे लेकर सैनी के खिलाफ मामला भी दर्ज है। 2017 के विधानसभा चुनाव के बाद कांग्रेस सत्ता में आई और मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह की सरकार ने इस मामले की जांच के लिए स्पेशल इन्वेस्टिगेशन टीम (SIT) बनाई थी। उस SIT की रिपोर्ट हाईकोर्ट द्वारा खारिज किए जाने के बाद कैप्टन सरकार ने हाल ही में बेअदबी मामले की जांच के लिए नई SIT बनाई है। इस SIT ने पिछले दिनों सैनी से पूछताछ भी की थी।
29 साल पहले गायब हुए मुल्तानी को लेकर भी सैनी पर दर्ज है हत्या का केस
29 साल पहले सीनियर आईएएस अफसर के बेटे बलवंत सिंह मुल्तानी के गायब होने के मामले में भी सुमेध सिंह सैनी के खिलाफ हत्या का केस दर्ज है। इस मामले में सैनी को सुप्रीम कोर्ट से अंतरिम जमानत मिली हुई है।

COMMENTS