कोविड-19 से बचाव : निजी अस्पतालों में वैक्सीनेशन दोबारा शुरू, 250 रुपए में लगने वाला टीका 850 रुपए में लगेगा, मोहनदेई ओसवाल में शुरुआत सीरम इंस्टी
कोविड-19 से बचाव : निजी अस्पतालों में वैक्सीनेशन दोबारा शुरू, 250 रुपए में लगने वाला टीका 850 रुपए में लगेगा, मोहनदेई ओसवाल में शुरुआत
सीरम इंस्टीट्यूट ने 600 रुपए/डोज किए निर्धारित
लुधियाना : (पी9 ब्यूरो) :
कोविड-19 से बचाव के लिए निजी अस्पतालों में वैक्सीनेशन की शुरुआत दोबारा हो चुकी है। शनिवार को मोहन देई ओसवाल अस्पताल से ये शुरुआत हुई। जिले में अगले हफ्ते तक 5 और निजी अस्पतालों में वैक्सीनेशन शुरू हो जाएगी। सीरम इंस्टीट्यूट ने निजी अस्पतालों के लिए प्रति डोज 600 रुपए की कीमत निर्धारित की है।
अस्पतालों को 630 रुपए प्रति डोज के अदा करने पड़े हैं। अस्पतालों की ओर से डोज की कीमत के अलावा सर्विस चार्जेस भी लिए जाएंगे। ऐसे में मोहनदेई ओसवाल अस्पताल की ओर से 850 रुपए प्रति डोज कीमत रखी गई है।
गौर हो कि इससे पहले सरकार की ओर से डोज भेजी जा रही थी, इसीलिए निजी अस्पतालों में डोज 250 रुपए वसूले जाते थे। उधर, अन्य अस्पतालों की ओर से अगले हफ्ते तक वैक्सीन पहुंचने पर रेट निर्धारित किया जाएगा।
इंडस्ट्री ने 1 करोड़ रुपए से ज्यादा की कीमत की वैक्सीन का दिया ऑर्डर, खेप जल्द मिलने की संभावना
जिले में निजी अस्पतालों के अलावा इंडस्ट्री की ओर से भी जिला प्रशासन के जरिए 1 करोड़ की कीमत की वैक्सीन मंगवाई गई है। डीसी वरिंदर शर्मा ने बताया कि इंडस्ट्री की ओर से मंगवाई वैक्सीन भी जल्द ही जिला प्रशासन के पास पहुंच जाएगी। ऐसे में अलग-अलग इंडस्ट्रियों में स्पेशल कैंप लगाकर वैक्सीन लगवाई जाएगी, ताकि जल्द वैक्सीनेशन हो सके।
डीसी ने बताया कि डीएमसी को 50 हजार, एसपीएस को 20 हजार, मोहनदेई ओसवाल अस्पताल और फोर्टिस को 10-10 हजार, दीप अस्पताल को 15 हजार और वर्मा मल्टीस्पेशिएलिटी अस्पताल को 2 हजार डोज 28 मई तक मिलेगी, जहां पर लाभार्थी जाकर वैक्सीन लगवा सकते हैं। निजी अस्पतालों में वैक्सीन की तय फीस अदा करनी होगी। जबकि सरकारी अस्पतालों में वैक्सीनेशन पूरी तरह मुफ्त है।
पहले दिन मोहनदेई ओसवाल में 350 लाभार्थियों ने लगवाई डोज
निजी अस्पतालों की ओर से सीरम इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया से कोवीशील्ड की वैक्सीन सीधे तौर पर ऑर्डर की गई है। जिसकी पहली खेप मोहनदेई ओसवाल को 2 हजार वैक्सीन की मिली। इसे देखकर शनिवार को वैक्सीनेशन शुरू की गई और 350 लोगों ने पहले दिन वैक्सीन लगवाई।
मोहनदेई ओसवाल अस्पताल के हेड ऑपरेशंस योगेंद्र अवधिया ने बताया कि हमने वैक्सीन के लिए 850 रुपए की प्रति डोज का रेट निर्धारित किया है।
18 साल से उपर के लाभार्थी अस्पताल में आकर सुबह 9 से शाम 5 बजे तक वैक्सीनेशन करवा सकते हैं। लाभार्थियों को कोवीन पोर्टल पर रजिस्ट्रेशन करवानी है। इसके बाद वो वैक्सीनेशन के दिन आईडी-प्रूफ, आधार कार्ड और मोबाइल फोन जिससे रजिस्ट्रेशन करवाई है, वो साथ लेकर आएं तो वैक्सीन लगवा सकते हैं।
वैक्सीन डोज बुक करवाने के लिए एडीसी से कर सकते हैं संपर्क
डीसी वरिंदर शर्मा और पुलिस कमिश्नर राकेश अग्रवाल ने बताया कि निजी अस्पतालों की तरफ से सीरम इंस्टीट्यूट से सीधे वैक्सीन अपने खर्चे पर बुक की गई है। उन्होंने सभी निजी अस्पतालों को वैक्सीन मंगवाने की अपील की।
साथ ही कहा कि अगर कोई भी वैक्सीन की डोज बुक करवाना चाहता है तो एडीसी डी संदीप कुमार से संपर्क कर सकता है। सीपी अग्रवाल ने कहा कि जिला प्रशासन 15 जून तक सभी योग्य लाभार्थियों को वैक्सीनेट करने का टार्गेट लेकर चल रहा है।

COMMENTS