कोलकाता नगर निगम चुनाव : कोलकाता नगर निगम के चुनाव में बेहद धीमी गति से चल रहा मतदान, सुबह 11 बजे तक सिर्फ 19 प्रतिशत वोटिंग कोलकाता : (पी9 ब्यूरो
कोलकाता नगर निगम चुनाव : कोलकाता नगर निगम के चुनाव में बेहद धीमी गति से चल रहा मतदान, सुबह 11 बजे तक सिर्फ 19 प्रतिशत वोटिंग
कोलकाता : (पी9 ब्यूरो) :
कोलकाता नगर निगम के चुनाव में बेहद धीमी गति से मतदान चल रहा है। राज्य चुनाव आयोग से मिली जानकारी के मुताबिक सुबह 11 बजे तक महज 19 प्रतिशत मतदान हुआ। विरोधी राजनीतिक दलों का कहना है कि जिस तरह से हिंसा की घटनाएं सामने आ रही हैं, उससे मतदाता घरों से निकलने से घबरा रहे हैं इसलिए वोटिंग कम हो रही है। भाजपा का आरोप है कि लोगों को मतदान करने जाने से तृणमूल कांग्रेस के नेता-कार्यकर्ता रोक रहे हैं। दूसरी तरफ तृणमूल ने इन आरोपों को सिरे से खारिज किया है। तृणमूल के एक नेता ने कहा कि सुबह काफी ठंड होने की वजह से लोग मतदान करने नहीं निकले। जैसे-जैसे दिन बढ़ेगा, मतदाताओं की संख्या में इजाफा होगा। गौरतलब है कि सुबह नौ बजे तक सिर्फ नौ प्रतिशत मतदान दर्ज हुआ था।
कोलकाता नगर निगम (केएमसी) के 144 वार्डों के लिए पुलिस सुरक्षा के बीच मतदान चल रहा है। राज्य चुनाव आयोग से मिली जानकारी के अनुसार सुबह नौ बजे तक महज नौ फीसद मतदान हुआ है। कोलकाता नगर निगम (केएमसी) के सभी 144 वार्ड में रविवार सुबह सात बजे कड़ी सुरक्षा व्यवस्था और कोविड-19 दिशा-निर्देशों के सख्ती से पालन के बीच मतदान शुरू हुआ। सुबह से ही मतदाताओं ने मतदान केंद्रों पर पहुंच कर वोट डालना शुरू कर दिया। मतदान के लिए लोग अपने-अपने बूथों पर पहुंच रहे हैं। मतदान के मद्देनजर सुरक्षा के चाक-चौबंद इंतजाम किए गए हैं। पूरे कोलकाता और आसपास के शहरों में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी है।
केएमसी चुनाव : स्कूल के पास बमबाजी में एक जख्मी
कोलकाता नगर निगम के 36 नंबर वार्ड में स्थित टाकी स्कूल के पास रविवार सुबह मतदान के दौरान बमबाजी में एक व्यक्ति बुरी तरह जख्मी हो गया। उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घायल व्यक्ति इलाके का मतदाता बताया जा रहा है। वह मतदान करने आया था। उसी समय बमबाजी की चपेट में आ गया। तृणमूल कांग्रेस ने बमबाजी के पीछे कांग्रेस का हाथ बताया है जबकि कांग्रेस ने पलट आरोप लगाते हुए कहा है कि तृणमूल के लोगों ने बमबाजी की है।एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। दो बम फेंके गए थे। गौरतलब है कि बमबाजी से कुछ समय पहले ही इस स्कूल में बने बूथ में लगाए गए सीसीटीवी कैमरों के काम नहीं करने का मामला सामने आया था, हालांकि राज्य चुनाव आयोग ने इस आरोप को खारिज कर दिया है। दूसरी तरफ महानगर के खन्ना इलाके में भी बमबाजी की घटना हुई है। केएमसी चुनाव में हिंसा व धांधली का आरोप लगाते हुए वाममोर्चा ने बाघा जतिन में चक्का जाम किया।
मानिकतल्ला में एक निजी अस्पताल की छत पर लजीज पकवान तैयार कर मतदाताओं में बांटने का भाजपा पर आरोप लगा है। तृणमूल कांग्रेस ने कहा कि भाजपा मतदाताओं को भोजन कराकर उन्हें प्रभावित करने की कोशिश कर रही है। दूसरी ग्राम बेलगछिया में दो प्रत्याशियों में धक्का-मुक्की की घटना सामने आई है।
इस दौरान कई छिटपुट घटनाएं हुई हैं। वार्ड नंबर 22 से भाजपा प्रत्याशी मीना देवी पुरोहित के कथित तौर पर कपड़े फाड़ दिए जाने का आरोप है। मीना देवी पुरोहित और दो निर्दलीय प्रत्याशियों के सुबह बूथ में दाखिल होने के समय उन पर कथित तौर पर हमला किया गया। उन्होंने शिकायत की कि पुलिस कोई काम नहीं कर रही है। दूसरी ओर, बागबाजार के श्री रामकृष्ण होम स्थित होम में अशांति फैल गई। उम्मीदवार रूपा चौधरी खुद यहां निर्दलीय उम्मीदवार की एजेंट बनी हैं। उन्हें बूथ से बाहर कर दिया गया । वार्ड नंबर 45 में तृणमूल और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच झड़प हो गई। कथित तौर पर कुछ लोग फर्जी वोटर कार्ड लेकर वोट डालने आए। उन्हें देखकर कांग्रेस प्रत्याशी संतोष पाठक ने विरोध किया। इसे लेकर तृणमूल के लोगों से उनकी झड़प हो गई । पुलिस ने स्थिति को नियंत्रण में करने के लिए लाठीचार्ज किया।
पुलिस ने वार्ड नंबर 50 में भाजपा प्रत्याशी सजल घोष के चुनाव कार्यालय को बंद कर दिया है। कथित तौर पर उनके कार्यालय में अवैध रूप से सभा हुई थी। सिंथी के वार्ड नंबर दो में स्थित रामकृष्ण विद्यामंदिर के बूथ पर भाजपा एजेंटों को बैठने से रोकने का आरोप है। तृणमूल ने कहा कि वहां भाजपा का कोई संगठन नहीं है इसलिए गेरुआ शिविर झूठे आरोप लगा रही है। कई बूथों पर सीसीटीवी कैमरों के काम नहीं करने के आरोप लग रहे हैं। बताया जा रहा है कि सीसीटीवी कैमरे कई जगह सफेद कपड़े से ढंके हुए हैं।
राज्य निर्वाचन आयोग के सचिव नीलांजन शांडिल्य ने कहा कि स्वतंत्र और निष्पक्ष चुनाव सुनिश्चित करने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए गए हैं। उन्होंने कहा कि कुल 1,776 मतदान केंद्रों पर मतदान हो रहा है और यह शाम पांच बजे तक चलेगा। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि कोलकाता पुलिस के लगभग 23,000 कर्मियों को शहर भर में तैनात किया गया है और महत्वपूर्ण स्थानों पर 200 से अधिक पुलिस चौकियां भी स्थापित की गई हैं। सामान्य गश्ती टीमों के साथ ही क्विक रेस्पोंस टीम, हैवी रेडियो फ्लाइंग स्क्वाड को भी तैनात किया गया है।
बता दें कि सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस लगातार तीसरी बार निकाय बोर्ड में बने रहने के लिए संघर्ष कर रही है। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) भी पूरे दमखम के साथ चुनाव मैदान में हैं। मतगणना 21 दिसंबर को होगी।

COMMENTS