5 दिन में सुलझाई लूट की गुत्थी : चंडीगढ़, मोहाली और हरियाणा के शातिरों ने फर्जी सीआईएस स्टाफ बन मनी एक्सचेंजर के कारिंदे से लूटे थे 45 लाख फगवाड़ा
5 दिन में सुलझाई लूट की गुत्थी : चंडीगढ़, मोहाली और हरियाणा के शातिरों ने फर्जी सीआईएस स्टाफ बन मनी एक्सचेंजर के कारिंदे से लूटे थे 45 लाख
फगवाड़ा/जालंधर : (पी9 ब्यूरो) :


पंजाब के फगवाड़ा के बंगा रोड गोल चौक से फर्जी सीआईए स्टाफ बनकर होशियारपुर के एक मनी एक्सचेंजर के कारिंदे से पैंतालीस लाख की लूट करने वाले शातिरों में से एक को पांच दिन के भीतर पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पकड़ा गया शातिर अखिल रावत उर्फ सोनू निवासी हाउस नंबर 122-ए, सेक्टर 51-ए चंडीगढ़ गिरोह की किंगपिन था। इसी शातिर ने अपने तीन साथियों अमनदीप सिंह बुटर, गोशा गुरुसर शाह नाला, फतेहाबाद (हरियाणा), शमी शर्मा पुत्र पृथ्वी राम शर्मा, एसएएस नगर मोहाली के साथ मिलकर लूट की सारी पटकथा तैयार की थी।
लूट के मास्टरमाइंड अखिल रावत से पुलिस ने 22 लाख रुपए और दो कारें बरामद की हैं। बता दें कि यह वारदात शनिवार को हुई थी, जब होशियारपुर की फर्म पंकज मनी एक्सचेंजर का एक कारिंदा शंकर मैनी चंडीगढ़ से पैंतालीस लाख रुपए लेकर होशियारपुर जा रहा था। वह वाया फगवाड़ा इसलिए आया था, क्योंकि उसे कुछ पैसे फगवाड़ा में भी शुक्ला मनी एक्सचेंजर को देने थे।
चंडीगढ़ से ही कर रहे थे पीछा
शंकर ने बताया कि उसने चंडीगढ़ से जब कैश उठाया तो इसकी भनक अखिल को थी। क्योंकि उसे भी चंडीगढ़ में कुछ पैसे डिलीवर किए थे। वह चंडीगढ़ से ही उसके पीछे अपने साथियों के साथ लग गया था। जैसे ही वह बस से उतर कर फगवाड़ा में एक मनी एक्सचेंजर को पैसे देने के लिए निकला तो शातिरों ने उसे बंगा रोड पर स्थित गोल चौक पर घेर लिया।
घेरने के बाद कहा कि वह पंजाब पुलिस के सीआईए स्टाफ से हैं। उसे सिल्वर रंग की एक होंडा सिटी कार जिस पर जाली नंबर प्लेट पीबी-10सी-1111 लगाई हुई थी में बैठने को कहा। शंकर ने कहा कि जब उसने चलने से मना किया तो वह पिस्तौल दिखाकर उसे जबरदस्ती कार में बिठा कर ले गए। कार में एक व्यक्ति ने उसके पीठ पर पिस्तौल लगा दी और कहा कि बैग उन्हें दे दे इसकी तलाशी लेनी है। इसके बाद बदमाश उसे गोराया सत्संग भवन के साथ वाली सड़क पर काफी आगे ले गए।
जहां पर उन्होंने उसे कार से उतरने के लिए कहा। कार से उसके उतरते ही शातिर फिर झट से कार में सवार हुए और भाग गए। भागने से पहले उन्होंने उसकी पूरी तलाशी ली और जाते-जाते उसका पर्स और मोबाइल भी साथ ले गए। शंकर ने बताया कि वह सत्संग भवन में आया और सारी वारदात वहां पर मौजूद लोगों को बताई। वहीं से पुलिस को फोन कर सूचित किया।
एसएसपी कपूरथला हरकमलप्रीत सिंह खख ने बताया कि 25 दिसंबर की शाम को फगवाड़ा शहर में हुई इस घटना की शिकायत मिलने पर तुरंत एसपी (जांच) कपूरथला जगजीत सिंह सरोया, एसपी फगवाड़ा हरिंदरपाल सिंह परमार, डीएसपी फगवाड़ा अशरु राम शर्मा और सीआईए स्टाफ कपूरथला प्रभारी सब इंस्पेक्टर सिकंदर सिंह की देखरेख में एक टीम बनाई गई। टीम ने शंकर मैनी से सारी घटना के बारे में जानकारी ली तो उन्हें चंडीगढ़ में जिस व्यक्ति को फगवाड़ा आने से पहले पैसे दिए थे उसकी एक्टविटी पर शक हुआ।
अखिल से पूछताछ की तो पुलिस का शक गहरा गया। पुलिस ने जब उसे गिरफ्तार कर सख्ती दिखाई तो वह टूट गया और उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया। पुलिस ने अखिल की निशानदेही पर ही 45 लाख में से 22 लाख कैश बरामद कर लिया है। लूट में इस्तेमाल की गई होंडा कार नंबर सीएच 04-बी-0421 भी अखिल के ही साथी अमनदीप के घर से बरामद कर ली है।

COMMENTS