किसानों का भारत बंद : किसान बोले- 2 घंटे से ज्यादा जाम में फंसे लोगों को पानी और फल देंगे, 11 बजे से 3 बजे तक चक्काजाम नई दिल्ली : (पी9 ब्यूरो) :
किसानों का भारत बंद : किसान बोले- 2 घंटे से ज्यादा जाम में फंसे लोगों को पानी और फल देंगे, 11 बजे से 3 बजे तक चक्काजाम
नई दिल्ली : (पी9 ब्यूरो) :


कृषि कानूनों के खिलाफ 13 दिन से प्रदर्शन कर रहे किसानों से दिल्ली चौतरफा घिर चुकी है। आज भारत बंद की अपील की है। 20 सियासी दल और 10 ट्रेड यूनियंस भारत बंद का सपोर्ट कर रही हैं। इसका असर दिखना शुरू हो गया है।
किसानों ने कहा- आम आदमी को परेशान नहीं होने देंगे
भारतीय किसान यूनियन के प्रवक्ता राकेश टिकैत ने कहा कि हम शांतिपूर्ण तरीके से प्रदर्शन करेंगे। जो लोग 2-3 घंटे के लिए बंद में फंस जाएंगे, हम उन्हें पानी और फल पहुंचाएंगे।
11 बजे से चक्काजाम
किसानों का कहना है कि बंद सुबह से शाम तक और चक्का जाम सुबह 11 से दोपहर 3 बजे तक रहेगा, ताकि ऑफिस आने-जाने वालों को दिक्कत नहीं हो। हालांकि, एंबुलेंस जैसी जरूरी सेवाओं और शादियों में लगी गाड़ियों को नहीं रोका जाएगा। उधर, केंद्रीय गृह मंत्रालय ने राज्यों को कानून व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए हैं।
हरियाणा में 14.5 लाख वाहन नहीं चलेंगे
चक्काजाम के दौरान राज्य के करीब 14.5 लाख से ज्यादा कमर्शियल वाहन नहीं चल पाएंगे। मंडियां भी बंद रहेंगी। किसानों ने फल, दूध और सब्जियों की सेवा रोकने का फैसला किया है। फिर भी किसान संगठनों ने अपील की है कि किसी को बंद में शामिल होने के लिए मजबूर न किया जाए। राज्य सरकार ने बंद को देखते हुए सुरक्षा बलों की 14 कंपनियां तैनात की हैं।

COMMENTS