चुनावी क्रेडिट : सी एम ने सेवा केंद्रों से 56 सेवाओं का किया उद्घाटन, इनमें सांझ केंद्र व ट्रांसपोर्ट की 55 सेवाएं पहले से चल रहीं सांझ केंद्र की
चुनावी क्रेडिट : सी एम ने सेवा केंद्रों से 56 सेवाओं का किया उद्घाटन, इनमें सांझ केंद्र व ट्रांसपोर्ट की 55 सेवाएं पहले से चल रहीं
सांझ केंद्र की 20 सेवाएं नवंबर से चल रहीं, ट्रांसपोर्ट विभाग की 35 सेवाएं एक जनवरी से मिल रहीं
अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव में क्रेडिट लेने के लिए कैप्टन सरकार की कोशिश
जालंधर : (पी9 ब्यूरो) :

मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह ने आज मंगलवार दोपहर सेवा केंद्रों से 56 नई सरकारी सेवाओं का वर्चुअल उद्घाटन किया। दिलचस्प बात यह है कि इनमें से पुलिस के सांझ केंद्र की 20 व ट्रांसपोर्ट विभाग की 35 मिला 55 सेवाएं पहले से ही मिल रही हैं। सांझ केंद्र की सेवाएं नवंबर में शुरू हुई थी जबकि ट्रांसपोर्ट विभाग की सेवाएं एक जनवरी से मिल रही हैं।राज्य में अगले साल विधानसभा चुनाव हैं, जिसे देखते हुए इसे क्रेडिट लेने की कवायद के रूप में देखा जा रहा है। चूंकि सेवा केंद्र अकाली-भाजपा सरकार का प्रोजेक्ट है, यही वजह है कि ज्यादा से ज्यादा सेवाओं को इनके जरिए शुरू करवा कैप्टन की अगुवाई वाली कांग्रेस सरकार इन्हें अगले विस चुनाव में भुनाना चाहती है। पहले से चल रही सेवाओं के उद्घाटन की फॉर्मेलिटी के सवाल पर अफसर यह कहकर पल्ला झाड़ रहे हैं कि यह तो ट्रायल चल रहा था। चूंकि मामला सी एम के उद्घाटन का होने से कोई भी खुलकर नहीं बोल रहा।
राजनीति के लिहाज से इसलिए महत्वपूर्ण सेवा केंद्र
सेवा केंद्र के जरिए पंजाब में लोगों को घर के नजदीक सरकारी सेवाओं का लाभ मिलता है। अकाली-भाजपा सरकार के वक्त पंजाब में 2167 से ज्यादा सेवा केंद्र थे लेकिन कैप्टन सरकार ने इनके कांट्रैक्ट को वित्तीय लिहाज से गड़बड़ बताया और इन्हें घटाकर 519 कर दिया। सेवा केंद्र कम होने से लोगों को थोड़ा दूर जाने को मजबूर होना पड़ रहा है। ऐसे में विरोधी अगले चुनाव में इसे भुना सकते थे कि लोगों से उनके घर के नजदीक सरकारी सेवाओं की सुविधा छीन ली गई। इसी का तोड़ निकालने के लिए कैप्टन सरकार ज्यादा सेवाएं शुरू कर कैप्टन सरकार विरोधियों को पस्त करने की रणनीति अपना रही है।
फर्द की सेवा भी सूची में लेकिन अभी तक सेवा केंद्र को नहीं मिला लिंक
मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह के उद्घाटन वाली 56 सरकारी सेवाओं की सूची में सांझ केंद्र व ट्रांसपोर्ट विभाग के अलावा सिर्फ फर्द मिलने की सेवा अलग से शामिल है। हालांकि अभी तक सेवा केंद्रों को इसका लिंक नहीं मिला है, जिसके जरिए वो लोगों के आवेदन लेकर उन्हें फर्द दे सकें। इस सेवा का तहसीलदार भी विरोध कर चुके हैं और उसके बाद रेवेन्यू विभाग से इस सेवा को सेवा केंद्रों को न देने की बात कही जा चुकी है लेकिन अब सीएम उद्घाटन की सूची में होने से लोगों को सुविधा मिलने की उम्मीद जगी है।
सांझ केंद्र की यह सेवाएं
शिकायत करने की सुविधा, शिकायत पर एक्शन टेकन की सूचना, ऍफ़आईआर व डीडीआर की कॉपी, रोड एक्सीडेंट केस में अनट्रेस रिपोर्ट, वाहन चोरी की अनट्रेस रिपोर्ट, चोरी के केस में अनट्रेस रिपोर्ट, लाउडस्पीकर की एनओसी, मेला, प्रदर्शनी या खेल कार्यक्रम की एनओसी, पुराने वाहनों की एनओसी, वीजा के लिए पुलिस क्लियरेंस, गुमशुदगी रिपोर्ट, पासपोर्ट मिसिंग, मोबाइल गुम होना, कैरेक्टर वेरीफिकेशन, किराएदार वैरीफिकेशन, इंप्लॉई वैरीफिकेशन, घरेलू नौकर वैरीफिकेशन, नया आर्म लाइसेंस, आर्म लाइसेंस रिन्युअल।
ट्रांसपोर्ट विभाग की यह सेवाएं
टू व फोर व्हीलर की आरसी, डुप्लीकेट आरसी, आरसी में एड्रेस चेंज, ऑनरशिप में बदलाव, एनओसी, आरसी नंबर की दोबारा अलॉटमेंट, ट्रांसपोर्ट व्हीकल्स की आरसी, कॉमर्शियल व्हीकल्स का फिटनेस सर्टिफिकेट, टैक्स क्लियरेंस सर्टिफिकेट, रूट व नेशनल परमिट, एचपी एंट्री, व्हीकल ट्रांसफर, इंटरनेशनल लाइसेंस, लर्नर लाइसेंस, ड्राइविंग लाइसेंस, डुप्लीकेट या रिन्युअल ड्राइविंग लाइसेंस, कंडक्टर लाइसेंस, टैक्स पेमेंट।

COMMENTS