जयपुर में देर रात पौने 3 बजे हादसा : सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट में क्लोरीन गैस के रिसाव से मची दहशत, दो कर्मचारियों की हालत बिगड़ी, घर छोड़कर भागे सैकड
जयपुर में देर रात पौने 3 बजे हादसा : सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट में क्लोरीन गैस के रिसाव से मची दहशत, दो कर्मचारियों की हालत बिगड़ी, घर छोड़कर भागे सैकड़ों लोग, पुलिस ने खाली कराईं कई कॉलोनियां
जयपुर : (पी9 ब्यूरो) :
राजधानी जयपुर के ब्रह्मपुरी इलाके में गुरुवार रात क्लोरीन गैस के रिसाव से दहशत मच गई। गैस का यह रिसाव नगर निगम द्वारा संचालित सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट में रात पौने तीन बजे हुआ। इससे घरों में सो रहे लोगों की तबीयत बिगड़ने लगी। अफरा-तफरी में लोग घर छोड़कर भाग निकले। कई घंटे तक घरों से दूर सार्वजनिक पार्क और सड़क पर रात गुजारनी पड़ी। वहीं, गैस रिसाव की वजह से प्लांट में मौजूद दो कर्मचारियों की हालत बिगड़ गई। उनको एसएम्एस अस्पताल पहुंचाया गया। जहां उनकी हालत स्थिर है। फिलहाल पुलिस और दमकल मौके पर मौजूद है।
रात 2:45 बजे शुरु हुआ सिलेंडर में लीकेज से गैस रिसाव
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार ब्रह्मपुरी इलाके में आमेर रोड पर स्थित गोविंद नगर में नगर निगम का सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट है। जहां करीब 900 लीटर क्लोरीन गैस से भरे दो बड़े सिलेंडर है, जो कि सीवरेज की सफाई में काम आते है। रात करीब 2.45 बजे एक सिलेंडर में लीकेज हो गया। इससे तेजी से गैस का रिसाव होना शुरू हो गया। कुछ ही देर में गैस गोविंद नगर, नगर निगम कॉलोनी, शंकर नगर कॉलोनी तक फैलने लगी। इससे घरों में सो रही आंखों में जलन होने लगी। तबीयत बिगड़ने पर लोगों ने आसपास के लोगों को जगाया। तब मामला ब्रह्मपुरी थाना पुलिस तक पहुंचा।
लोगों की जान बचाने के लिए पुलिस को खाली करवानी पड़ी कॉलोनियां
तब सीवरेज प्लांट में क्लोरीन गैस का रिसाव होने की जानकारी मिली। इस बीच बुजुर्गो का गैस से दम घुटने लगा। बच्चे और महिलाएं रोने लगे। कई परिवार दहशत में आ गए। पुलिस थाने के क्वार्टर भी खाली हो गए। सूचना मिलने पर पुलिस के उच्चाधिकारी और रात्रि गश्त पर मौजूद करीब आठ थानों की गाड़ियां मौके पर पहुंच गई। इसके बाद पुलिस ने माइक से अनाउंसमेंट करवाकर लोगों को घरों से बाहर निकलने को कहा। इससे पहले ही गैस रिसाव से घबराए हुए लोग जान बचाने के लिए दूर चले गए। किसी ने सड़क पर रात बिताई तो कोई दूर पार्क में परिवार को लेकर चला गया।
सुबह 4:30 बजे इंजीनियर आए और सिलेंडर को पानी में डाला
रात करीब 4:30 बजे सीतापुरा से तकनीकी इंजीनियर्स को सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट बुलाया गया। दमकल की गाड़ियां मंगवाई गईं। तब इंजीनियरों ने जिस सिलेंडर में गैस रिसाव हो रहा था। उसे एक हौद में डाल दिया। इसके बाद दमकल से पानी डलवाकर उसे भर दिया। इससे गैस का रिसाव कम हो गया। पुलिस के मुताबिक हालत यह थी कि गैस रिसाव की वजह से प्लांट के पास जाना मुश्किल हो गया था। लेकिन, किसी तरह सिविल डिफेंस, दमकल और पुलिस की टीम नगर निगम के इंजीनियर्स के साथ अंदर पहुंची।

COMMENTS