पंजाब में कृषि कानून के खिलाफ प्रस्ताव : सीएम अमरिंदर सिंह ने कहा- पंजाब में किसानों के लिए अलग कानून बनाऐंगे, इसके लिए सभी दल साथ आएं पंजाब देश म
पंजाब में कृषि कानून के खिलाफ प्रस्ताव : सीएम अमरिंदर सिंह ने कहा- पंजाब में किसानों के लिए अलग कानून बनाऐंगे, इसके लिए सभी दल साथ आएं
पंजाब देश में पहला राज्य बन गया है जहां इन कानूनों के खिलाफ प्रस्ताव लाया गया है
विपक्षी दलों ने कहा- सरकार ने बिल की कॉपी नहीं दी, पता नहीं क्यों डर रही सरकार
चंडीगढ़ : (पी9 ब्यूरो) :

पंजाब विधानसभा के विशेष सत्र के दूसरे दिन आज कृषि कानूनों के खिलाफ प्रस्ताव पेश कर दिया गया है। पंजाब देश में पहला राज्य बन गया है जहां इन कानूनों के खिलाफ प्रस्ताव लाया गया है। मुख्यमंत्री पंजाब कैप्टन अमरिंदर सिंह ने प्रस्ताव पेश करते हुए कहा कि इस बिल को लाए जाने में थोड़ी देरी हुई है। केंद्र सरकार को इस कानून को वापस लिया जाना चाहिए। केंद्र सरकार की ओर से लाए गए इन कृषि कानूनों के खिलाफ देश के अलग-अलग हिस्सों में प्रदर्शन हो रहा है।
सीएम कैप्टन अमरिंदर सिंह ने कहा कि तीन कृषि कानूनों के अलावा इलेक्ट्रिसिटी बिल में भी जो बदलाव किए गए हैं, वो भी किसानों और मजदूरों के खिलाफ हैं। केंद्र सरकार से अपील की गई है कि नए सिरे से अध्यादेश लाया जाना चाहिए। जिसमें एमएसपी को शामिल किया जाए। सीएम ने इस दौरान सभी से अपील करते हुए कहा कि राजनीतिक दलों को इस मसले पर एकजुट होना होगा। कैप्टन अमरिंदर के बाद विधानसभा सत्र में नवजोत सिंह सिद्धू ने भी अपनी बात रखी और केंद्र के कृषि कानून का विरोध किया।
प्रदर्शन से कोई फायदा नहीं
पंजाब के सीएम ने कहा कि विधानसभा सेशन में सब पार्टियों को एकजुट होकर इस कृषि कानूनों के खिलाफ काम करना चाहिए, ताकि देश के किसानों को भला हो सके। उन्होंने कहा कि कई राजनीतिक दल रात विधानसभा में गुजार रहे हैं और कोई ट्रैक्टरों पर सवार होकर आ रहा है इससे किसानों का कोई भला नहीं हो सकता। सीएम ने ऐलान किया कि अब इस बिल के आधार पर राज्य सरकार आगे की कानूनी लड़ाई लड़ेगी।
कांग्रेस विधायकों ने कहा पंजाब में अलग कानून बनाएंगे
कांग्रेस विधायकों ने कहा केंद्र सरकार के कृषि बिल को रद्द करने को लेकर प्रस्ताव पेश कर दिया गया है और किसानों की जीत निश्चित है। कांग्रेसी विधायकों ने विधानसभा से बाहर आकर जानकारी देते हुए कहा कि केंद्र सरकार के बनाए गए कृषि बिलों को पंजाब में लागू नहीं होने दिया जाएगा। यहां के किसानों के लिए पंजाब में ही कानून बनाया जाएगा।
प्रतिपक्ष ने नाराजगी जताई
दूसरी ओर प्रतिपक्ष के नेता हरपाल सिंह चीमा ने कहा कि सरकार की ओर से सेशन की कार्यवाही शुरू होने से पहले उन्हें बिल की काॅपी नहीं दी गई। आम आदमी पार्टी के विधायकों ने पूरी रात विधानसभा परिसर में गुजारी। उन्होंने कहा कि बिल की कॉपी विधायकों को पहले नहीं दी गई।
पहले दिन की कार्यवाही स्थगित की गई थी
इससे पहले सोमवार को सेशन के पहले दिन विपक्षी दलों की ओर से बिल की कॉपी नहीं दिए जाने को लेकर हंगामा करते हुए नारेबाजी की गई थी। जिसके चलते बैठक स्थगित कर दी गई थी।

COMMENTS