एसएचओ बिट्टन कुमार समेत 12 पर पर्चा : भाई मन्ना सिंह नगर इलाके में महिला की ओर से जहरीला पदार्थ खाकर आत्महत्या करने का मामला लुधियाना : (पी9 ब्यू
एसएचओ बिट्टन कुमार समेत 12 पर पर्चा : भाई मन्ना सिंह नगर इलाके में महिला की ओर से जहरीला पदार्थ खाकर आत्महत्या करने का मामला
लुधियाना : (पी9 ब्यूरो) :
भाई मन्ना सिंह नगर इलाके में महिला के मकान पर कब्जा करने के मामले में जहरीला पदार्थ खाने से हुई पूजा की मौत के मामले में शनिवार को थाना डिवीजन चार पुलिस ने मामला दर्ज कर दिया। इसमें आरोपी पार्षद सुरिंदर अटवाल, उनके बेटे एसएचओ बिटन कुमार, दूसरे बेटे साजन अटवाल, तीसरे बेटे पवन अटवाल, जसपाल सिंह उर्फ बाॅबी ढल्ल, गुरचरण सिंह उर्फ चन्नी ढल्ल, रविंदर सिंह, प्रदीप कुमार, कुलजिंदर कौर उर्फ डाॅली, मंजीत कौर उर्फ जीत, रविंदर कौर उर्फ रजनी, बलबीर सिंह मक्कड़ को नामजद किया गया है। फिलहाल आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की धरपकड़ चल रही है।
आरोपियों को बचाने की कोशिश : पीड़ितों की बजाय एएसआई के बयान पर दर्ज हुई एफआईआर
मामले में पुलिस आरोपियों की मदद करती नजर आ रही है। पुलिस ने पूजा की बुजुर्ग मां या फिर भाई के बयानों पर पर्चा दर्ज न कर एएसआई के बयानों पर पर्चा दर्ज किया है। इसमें उसने लिखा कि 2 जुलाई को डीएमसी चौकी से फोन आया था कि जिसमें पूजा ने जहरीला पदार्थ खाने की बात कही थी। 8 जुलाई को उसकी मौत हो गई। इसके बाद मृतका के भाई नवदीप ने पुलिस को सुसाइड नोट पेश किया। इसमें पूजा ने आरोपियों को उसकी जमीन पर धक्के से कब्जा करने की बात कह आत्महत्या की बात लिखी थी।
घर का दरवाजा खटखटाते थे: भाई नवदीप ने बताया कि मामला 700 गज जमीन का है। इसकी रजिस्ट्री आरोपियों ने 2013 में धक्के से नाम पर करवा ली थी। इसके बाद उसकी बहन को घर से निकालने के लिए दबाव बनाया जाता था। साजन के गुंडे उनके घर का दरवाजा खटखटाते थे तो कभी तोड़फोड़ करते थे। घर के बाहर कूड़ा फेंकना तो कभी उसके साथ बदतमीजी करना ये सब इसी तरह से चल रहा था। पुलिस से शिकायत की, मगर कोई नहीं सुनता था, क्योंकि आरोपियों के अच्छे लिंक और गुंडों में पैठ थी। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर उनके मामले कोई भी गड़बड़ी हुई तो वो धरना-प्रदर्शन करेंगे। उन्हें बहन की मौत का इंसाफ चाहिए।
साजन के खिलाफ कई शिकायतें: गैंगस्टर छोटा लल्ला की हत्या के मामले में भी पुलिस ने साजन को अवैध वसूली के लिए नामजद किया था और उसके भाई बिट्टन को लाइन हाजिर कर दिया गया था। इसके बाद से उसकी ड्यूटी पुलिस लाइन में ही थी, उसे किसी पब्लिक डीलिंग पर नहीं लगाया गया था। इसके अलावा साजन पर गुंडागर्दी करने और लोगों को धमकाने की कई शिकायतें थानों और अफसरों के पास आती रहती हैं, लेकिन सियासी दबाव और अपनी गुंडागर्दी की वजह उसके खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं होती थी। इसके अलावा बाकी के आरोपियों का फाइनांस का कारोबार चलता है, जोकि गरीबों से ज्यादा परसेंट पर ब्याज लेकर पैसे देते हैं।

COMMENTS