पंजाब में चुनावी रैलियों को छूट : खुले मैदान में 30% क्षमता के साथ कर सकेंगे रैली, रोड शो-पैदल यात्रा पर रोक बरकरार चंडीगढ़ : (पी9 ब्यूरो) :
पंजाब में चुनावी रैलियों को छूट : खुले मैदान में 30% क्षमता के साथ कर सकेंगे रैली, रोड शो-पैदल यात्रा पर रोक बरकरार
चंडीगढ़ : (पी9 ब्यूरो) :

कोरोना केस में गिरावट के बाद चुनाव आयोग ने पंजाब में चुनावी रैलियों में छूट दे दी है। अब इंडोर हॉल की क्षमता के 50% के साथ रैली की जा सकेगी। वहीं अगर खुले मैदान में रैली है तो वहां क्षमता से 30% लोगों के साथ रैली कर सकते हैं। यह रैलियां चुनाव आयोग की तरफ से तय जगहों पर ही होंगी। हालांकि फिलहाल रोड शो, पैदल यात्रा, साइकिल, बाइक और दूसरे व्हीकल रैली पर रोक बरकरार रहेगी। इसके अलावा डोर टू डोर प्रचार के लिए 20 की गिनती पुरानी ही तय रहेगी। वहीं रात 8 बजे से सुबह 8 बजे तक कैंपेन पर पाबंदी रहेगी।
आयोग रखेगा नजर
चुनाव आयोग ने स्पष्ट किया है कि रैली की जगह पर कई एंट्री और एग्जिट गेट होना जरूरी हैं। रैली करने वाले आयोजकों को कोरोना से जुड़ी सभी गाइडलाइंस का पालन करना होगा। कोरोना से बचने के लिए सावधानियों का पालन करवाने के लिए जिला मजिस्ट्रेट नोडल अफसर नियुक्त करेंगे। हालांकि इसकी जिम्मेदारी जिले के DC और SSP पर रहेगी।
11 फरवरी को रिव्यू होगी स्थिति
चुनाव आयोग अब 11 फरवरी को फिर रोक की स्थिति को रिव्यू करेगा। इससे पहले 8 जनवरी को चुनाव आचार संहिता लागू होते ही आयोग ने रैली और रोड शो पर रोक लगा दी थी। इसके बाद 3 बार यह रोक बढ़ाई जा चुकी है। हालांकि इस दौरान आयोग ने एक हजार लोगों के साथ इंडोर मीटिंग की छूट दे दी थी। आयोग का कहना है कि चुनाव वाले राज्यों के चीफ सेक्रेटरी ओर उनके ऑब्जर्वर की रिपोर्ट के बाद यह कदम उठाया गया है।
पढ़िए… रोक के दौरान क्या रहा कोरोना का ट्रेंड
चुनाव की घोषणा के दिन 8 जनवरी को 14.64% पॉजिटिविटी रेट के साथ 3,643 मरीज मिले थे और सिर्फ 2 मौतें थी।
15 जनवरी को पाबंदी रिव्यू हुई तो 19.46% पॉजीटिविटी रेट के साथ 6,883 मरीज मिले। वहीं 22 की मौत हुई।
22 जनवरी को रिव्यू हुआ तो 16.65% पॉजीटिविटी रेट के साथ 7,699 नए मरीज मिले थे। वहीं 33 लोगों ने दम तोड़ा था।
31 जनवरी को रिव्यू होने से एक दिन पहले 7.50% पॉजीटिविटी रेट के साथ 2,803 नए मरीज मिले। वहीं 22 लोगों ने दम तोड़ दिया।
6 फरवरी को रिव्यू होने से एक दिन पहले 33 दिन बाद पंजाब में 24 घंटे में मरीजों की संख्या 1000 से कम रही। 988 नए मरीज मिले और 14 मरीजों की मौत हुई।

COMMENTS