पंजाब में कोरोना बेकाबू : 24 घंटे में 59 मौतें, 3176 नए पॉजिटिव मिले, सभी संग्रहालय 10 अप्रैल तक बंद चंडीगढ़ : (पी9 ब्यूरो) : पंजाब में कोर
पंजाब में कोरोना बेकाबू : 24 घंटे में 59 मौतें, 3176 नए पॉजिटिव मिले, सभी संग्रहालय 10 अप्रैल तक बंद
चंडीगढ़ : (पी9 ब्यूरो) :

पंजाब में कोरोना के सबसे खराब हालात जालंधर में हैं। कोरोना तेजी से पैर पसार भी रहा है और लोगों को मौत की नींद भी सुला रहा है। 27 मार्च 2020 को जालंधर में पहला केस सामने आया था। एक साल बाद 26 मार्च 2021 को एक दिन में सबसे ज्यादा केस 494 केस आए। यह आंकड़ा भयावह है और बताता है कि कोरोना कितने खतरनाक स्तर पर पहुंच चुका है और हमारी लापरवाही अब तक किए सभी प्रयासों पर कैसे भारी पड़ रही है। फिल्लौर व आसपास के इलाके में कोरोना के मरीजों की रफ्तार थम नहीं रही। शुक्रवार को अमेरिका से आए दो लोग, पंजाब पुलिस के 9 जवान, सरकारी व गैर सरकारी स्कूल के छह टीचर, एसबीआइ के तीन मुलाजिम, 3 निजी डाक्टर, फिल्लोर की धार्मिक संस्था के 14 सदस्य और सेशन कोर्ट से दो मुलाजिम भी कोरोना की चपेट में आए। शुक्रवार को 224 मरीजों ने कोरोना पर जीत भी हासिल की।
पंजाब में कोरोना के कारण शुक्रवार को 59 लोगों की मौत हो गई। वहीं, इस साल एक दिन में संक्रमण के सबसे ज्यादा 3176 नए मामले भी सामने आए। अब तक पंजाब में इस महामारी ने 6576 मरीजों की जान ले ली है। सूबे में इस समय 22,652 मामले सक्रिय हैं। संक्रमण से शुक्रवार को होशियारपुर और जालंधर में 14-14, लुधियाना में 5, अमृतसर, कपूरथला, नवांशहर और बठिंडा में 4-4, पटियाला में 3, संगरूर में 2, मोहाली, रोपड़, तरनतारन, फरीदकोट व गुरदासपुर में 1-1 संक्रमित की मौत हो गई।सेहत विभाग के नोडल अफसर डा. टीपी सिंह ने बताया कि कोरोना की गिरफ्त में आने के बाद ज्यादा लोग तबीयत बिगड़ने के बाद देरी से अस्पताल पहुंच रहे है। उसी कारण मौत की दर बढ़ रही है। जिले में 5828 लोगों के सैंपल लेकर जांच के लिए भेजे गए। 224 मरीजों को छुट्टी मिली।
25 की हालत गंभीर
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, पंजाब में अब तक 57,82676 लोगों के सैंपल लिए जा चुके हैं। इनमें 226059 लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। 196831 लोग ठीक होकर घर जा चुके हैं। विभिन्न अस्पतालों में भर्ती 304 संक्रमितों को सांस लेने की दिक्कत होने पर ऑक्सीजन सपोर्ट और 25 की हालत गंभीर होने पर उन्हे वेंटिलेटर पर रखा गया है।
विरासत-ए-खालसा समेत सभी संग्रहालय 10 अप्रैल तक बंद
कोरोना के कारण राज्य सरकार ने श्री आनंदपुर साहिब स्थित विरासत-ए-खालसा समेत सभी संग्रहालयों को 10 अप्रैल तक बंद करने का फैसला किया है। सरकार ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर श्री आनंदपुर साहिब में आने वाले श्रद्धालुओं से यह भी अपील की है कि वे बड़ी संख्या में एक जगह एकत्रित न हों। सभी हर समय मास्क लगाकर रखें, सामाजिक दूरी बनाए रखें और नियमित अंतराल पर अपने हाथों को सैनिटाइज करते रहें।

COMMENTS