पंजाब में आंधी से उखड़े बिजली के 8000 पोल, 250 से अधिक ट्रांसफार्मर क्षतिग्रस्त, पॉवरकाम को 15 करोड़ का नुकसान पटियाला : (पी9 ब्यूरो) : पं

पंजाब में आंधी से उखड़े बिजली के 8000 पोल, 250 से अधिक ट्रांसफार्मर क्षतिग्रस्त, पॉवरकाम को 15 करोड़ का नुकसान
पटियाला : (पी9 ब्यूरो) :
पंजाब में वीरवार देर शाम हुई तेज आंधी से बिजली के आठ हजार पोल उखड़ गए। 250 से अधिक ट्रांसफार्मर क्षतिग्रस्त हो गए। इससे पावरकाम को 15 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ है। बिजली के पोल टूटने से राज्य भर में बिजली सप्लाई भी बुरी तरह प्रभावित हुई है।
आंधी से सबसे ज्यादा नुकसान पटियाला, पठानकोट, गुरदासपुर अमृतसर, तरनतारन, जालंधर, कपूरथला, होशियारपुर, नवांशहर, मोगा, लुधियाना और रोपड़ में हुआ है। आंधी से 725 केवीए की मोगा-मेरठ लाइन का टावर जोड़ेमाजरा के पास टूट गया है। पावरकाम अधिकारियों अनुसार एक हफ्ता पहले भी आंधी से पावरकाम को करीब साढ़े आठ करोड़ का नुकसान हुआ था।
पावरकाम सीएमडी ए वेणू प्रसाद ने पुष्टि की कि आंधी के बाद बिजली गुल होने की एक लाख से ज्यादा शिकायतें मिलीं। इसमें से 95 प्रतिशत शिकायतें हल कर दी गई हैं। जल्द ही बिजली सप्लाई पूरी तरह से बहाल कर दी जाएगी। बताया जा रहा है कि कई-कई इलाकों में 12-12 घंटे से अधिक समय तक बिजली गुल रही। लोग पावरकाम के खिलाफ सड़कों पर उतर आए।
पावरकाम ने अपने 3 यूनिट बंद किए
दूसरी तरफ बारिश के बाद राहत की बात यह भी है कि पंजाब में बिजली की जो मांग 11 हजार मेगावाट तक दर्ज की गई थी, वह शुक्रवार सुबह तक चार हजार मेगावाट तक ही रह गई। पावरकाम ने बाहरी स्रोतों से बिजली मिलने से लहरा थर्मल प्लांट के दो और रोपड़ प्लांट का एक यूनिट बंद कर दिया, जबकि यहां एक-एक यूनिट द्वारा पावर जनरेशन जारी है।
बाहरी स्रोतों से मिल रही 7120 मेगावाट बिजली इस्तेमाल की जा रही है। हाईड्रो पावर से 100 मेगावाट बिजली मिली है। सरकारी थर्मल से 380 मेगावाट, हाईड्रो प्रोजेक्टों से 613, सोलर से 350 और निजी पावर प्लांट से 2819 मेगावाट बिजली के साथ मांग की पूर्ति की जा रही है।

COMMENTS