दुष्कर्म मामले में विधायक सिमरजीत बैंस समेत 7 पर केस दर्ज, गिरफ्तारी को लेकर शिअद का प्रदर्शन लुधियाना : (पी9 ब्यूरो) : लुधियाना में सीपी आफि
दुष्कर्म मामले में विधायक सिमरजीत बैंस समेत 7 पर केस दर्ज, गिरफ्तारी को लेकर शिअद का प्रदर्शन
लुधियाना : (पी9 ब्यूरो) :

करीब पांच महीने से इंसाफ के लिए लड़ रही दुष्कर्म का आरोप लगाने वाली महिला को अब उम्मीद की किरण नजर आई है। अदालत के निर्देश पर लुधियाना के थाना डिवीजन नंबर 6 पुलिस ने लोक इंसाफ पार्टी प्रधान विधायक सिमरजीत सिंह बैंस समेत 7 लोगों के खिलाफ साजिश के तहत दुष्कर्म, छेड़छाड़ तथा धमकाने के आरोप में केस दर्ज कर लिया है। इससे पहले अदालत के निर्देश के बावजूद पर्चा दर्ज नहीं करने के विरोध में शिअद नेता व कार्यकर्ताओं ने पुलिस कमिश्नर दफ्तर के बाहर धरना प्रदर्शन किया। हालांकि उससे पुलिस ने एफआइआर दर्ज कर दी। अकाली दल ने विधायक की गिरफ्तारी की मांग की है। इसकाे लेकर अकाली दल ने फिरोजपुर रोड जाम कर दिया है। हरीश राय ढांढा व शरणजीत सिंह ढिल्लो समर्थको के साथ पहुंचे थे।
केस में नामजद अन्य आरोपित कोट मंगल सिंह की गली नंबर 5 निवासी कर्मजीत सिंह, परमजीत सिंह, जसबीर कौर, ईशर नगर मेन रोड निवासी बलजिंदर कौर, ईशर नगर की गली नंबर 6 निवासी सुखचैन सिंह तथा पीए गोगी शर्मा हैं। पुलिस ने ईशर नगर निवासी 44 वर्षीय महिला की शिकायत पर उनके खिलाफ केस दर्ज किया है। महिला ने पुलिस को शिकायत दी थी कि प्रापर्टी विवाद के चलते वो विधायक के संपर्क में आई थी, मगर विधायक ने अपने रसूख का इस्तेमाल करते हुए उसका शारीरिक शोषण किया। इसमें अन्य आरोपितों ने विधायक बैंस का साथ दिया।
महिला को मिल रही थी जान से मारने की धमकियां
पुलिस को शिकायत देने के बाद उसे लगातार जान से मारने की धमकियां मिलने लगीं। इस पर पुलिस कमिश्नर ने महिला की रक्षा के लिए उसे सिक्योरिटी प्रदान कराई। मगर इन्वेस्टीगेशन के नाम पर मामले को लटका दिया। इसके चलते उसने अदालत का दरवाजा खटखटाया। चार दिन पहले अदालत ने पुलिस को विधायक बैंस व अन्य आरोपितों के खिलाफ केस दर्ज करने के निर्देश जारी किए।
लुधियाना में सीपी आफिस पर धरना देते हुए अकाली कार्यकर्ता
विधायक सिमरजीत सिंह बैंस के खिलाफ उनकी गिरफ्तारी के लिए अकाली दल पुलिस कमिश्नर आफिस में धरना दे रहा है। धरने से पहले अकाली कार्यकर्ता जुटने लगे हैं। उनका नेतृत्व जिला प्रधान रंजीत सिंह ढिल्लों कर रहे हैं। वरिष्ठ नेता हीरा सिंह गाबड़िया और महेश इंदर सिंह ग्रेवाल भी पहुंचे हैं।

COMMENTS