डी सी लुधियाना ने ऑक्ससीजन व रेमिडिसिवर इंजेक्शन पर नजर रखने के लिए बनाई टीमें, बोले- अभी हालात ज्यादा अच्छे नहीं लुधियाना : (पी9 ब्यूरो) :

डी सी लुधियाना ने ऑक्ससीजन व रेमिडिसिवर इंजेक्शन पर नजर रखने के लिए बनाई टीमें, बोले- अभी हालात ज्यादा अच्छे नहीं
लुधियाना : (पी9 ब्यूरो) :
सूबे के कुछ जिलों में आक्सीजन की कमी होने लगी है। लुधियाना जिले में हालात अभी ठीक हैं लेकिन ठीक हालात कब तक बने रहेंगे इसको लेकर डिप्टी कमिश्नर के माथे पर चिंता की लकीरें खिंचने लगी हैं। जिले के लोग आक्सीजन की कमी के कारण हताहत न हों इसके लिए डिप्टी कमिश्नर वरिंदर शर्मा ने कठोर फैसले लेने शुरू कर दिए। आक्सीजन का एक ग्राम भी कहीं दूसरी जगह प्रयोग न हो इसके लिए डीसी ने दो टीमों का गठन कर लिया है जबकि कोरोना मरीजों को रेमिडिसिवर इंजेक्शन मिलता रहे इसके लिए भी एक टीम बना दी। डिप्टी कमिश्नर वरिंदर शर्मा ने तीनों टीमों को अलर्ट मोड पर रहकर काम करने के आदेश जारी किए हैं और आक्सीजन व रेमिडिसिवर से जुड़े लोगों को सख्त चेतावनी दी है कि अगर उन्होंने जिला मजिस्ट्रेट के आदेशों का पालन न किया तो जेल जाने को भी तैयार रहें।
डिप्टी कमिश्नर वरिंदर शर्मा ने माना कि वर्तमान में कोविड जिस तेजी के साथ फैल रहा है उससे हालात गंभीर होते जा रहे हैं। उन्होंने खुद कहा कि अभी लुधियाना जिले में आक्सीजन को लेकर हालात बेहतर हैं लेकिन आने वाले दिनों में आक्सीजन आपूर्ति डगमगा सकती है क्योंकि कोरोना केस बढ़ रहे हैं। डिप्टी कमिश्नर वरिंदर शर्मा ने कहा कि एक टीम उन्होंने डिप्टी डायरेक्टर लोकल बाडीज अमित बांबी के नेतृत्व में टीम बनाई है जो कि आक्सीजन की प्रोडक्शन और सप्लाई पर नजर बनाए हुए है। उन्होंने बताया कि यह टीम अस्तपालों को आक्सीजन की सप्लाई दे रही है और उनसे डिमांड ले रही है। डिमांड के मुताबिक राज्य सरकार से तालमेल कर रही है। इसके अलावा आक्सीजन सिर्फ कोविड मरीजों तक पहुंचे इसकी व्यवस्था भी यह टीम कर रही है। डिप्टी कमिश्नर वरिंदर शर्मा ने बताया कि दूसरी टीम पुलिस अफसरों के नेतृत्व में बनी हैं।
उन्होंने बताया कि लुधियाना शहर में एसीपी स्तर के अधिकारी नेतृत्व में टीम बनी हैं जबकि खन्ना व जगराओं में भी डीएसपी स्तर के अधिकारी के नेतृत्व में टीमें बनाई गई हैं। डीसी ने बताया कि आक्सीजन का एक ग्राम भी किसी गैर जरूरी काम में खर्च न हो यह देखने की जिम्मेदारी इस टीम को सौंपी गई है। उन्होंने बताया कि अस्पतालों को आदेश दिए गए हैं कि गैर जरूरी सर्जरी न करें और गैर जरूरी मरीजों को अस्पतालों में भर्ती न करें। इससे आक्सीजन की खपत बढ़ती है। डिप्टी कमिश्नर वरिंदर शर्मा ने कहा कि यह टीम अस्पतालों में जाकर चेकिंग करेगी कि कोई गैर जरूरी सर्जरी तो नहीं की जा रही है। यही नहीं अस्पतालों में भी आक्सीजन का स्टाक न हो इस पर भी नजर रखेगी। इसके अलावा यह टीम इंडस्ट्री की भी जांच करेगी कि वहां पर आक्सीजन का प्रयोग तो नहीं किया जा रहा। क्योंकि प्रशासन पहले ही उन्हें आक्सीजन का प्रयोग न करने के आदेश दे चुका है।
डिप्टी कमिश्नर वरिंदर शर्मा ने कहा कि इन टीमों को जिस भी स्तर पर आक्सीजन का दुर्पयोग या प्रशासन के आदेशों की अवहेलना मिलेगी उनके खिलाफ कार्रवाई करने के सभी अधिकार सौंपे गए हैं। डीसी ने साफ कर दिया कि आक्सीजन की कालाबाजारी व जमाखोरी किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं की जाएगी और ऐसे लोगों को जेल भेजने से भी परहेज नहीं किया जाएगा। डीसी ने अस्पतालों को यह भी आदेश दिए हैं कि जिन मरीजों को अस्पताल में रखना ज्यादा जरूरी नहीं है उन्हें घर भेज दें। इसके अलावा जो मरीज प्राकृतिक आक्सीजन से सांस ले सकते हैं तो उन्हें भी घर भेज दें।
रेमिडिसिवर इंजेक्शन के स्टाक की रिपोर्ट लेगा प्रशासन
डिप्टी कमिश्नर वरिंदर शर्मा ने कहा कि कोरोना में रेमिडिसिवर इंजेक्शन को दवाई के तौर पर इस्तेमाल किया जा रहा है। लेकिन अब इस इंजेक्शन की कमी होने लगी है। उन्होंने कहा कि प्राइवेट केमिस्ट इस इंजेक्शन को महंगे दामों पर बेच रहे हैं। इसके अलावा अपना स्टाक शो नहीं कर रहे हैं। जिसकी वजह से लोगों को यह इंजेक्शन नहीं मिल पा रहा। डीसी ने जोनल ड्रग लाइसेंसिंग अथारिटी के नेतृत्व में तीसरी टीम का गठन किया है जो कि शहर के सभी केमिस्टों से रोजाना रेमिडिसिवर इंजेक्शन का स्टाक चेक करेगी। इसके अलावा यह टीम रूटीन में केमिस्टों पर रेड भी करेंगी। जहां भी स्टाक से ज्यादा इंजेक्शन पाए जाएंगे उनके खिलाफ पर्चे दर्ज किए जाएंगे। डीसी ने सभी से अपील की है कि मुनाफा कमाने के बजाए इस बार लोगों की जान बचाएं।
वैक्सीन लगवाएंगे तो आक्सीजन की जरूरत नहीं होगी
डीसी वरिंदर शर्मा ने बताया कि जो लोग कोरोना न होने की बात कर रहे थे वह अब देख लें कि देश में क्या हालात हैं। उन्होंने कहा कि कोरोना वैक्सीन उपलब्ध हैं और अधिक से अधिक लोग इसे लगवाएं। डीसी ने कहा कि सभी लोग वैक्सीन लगवाएं ताकि कोरोना होने पर भी आक्सीजन की जरूरत न पड़े। डीसी ने कहा कि उनके पास कोरोना वैक्सीन का स्टाक है।

COMMENTS