जाली पत्रकार और पुलिसकर्मी बनकर लोगों को लूटने वाला गिरोह काबू जगराओं : (पी9 ब्यूरो) : भोले-भाले लोगों को महिलाओं के माध्यम से झांसे में लेकर
जाली पत्रकार और पुलिसकर्मी बनकर लोगों को लूटने वाला गिरोह काबू
जगराओं : (पी9 ब्यूरो) :
भोले-भाले लोगों को महिलाओं के माध्यम से झांसे में लेकर उनकी आपत्तिजनक वीडियो बनाकर और फिर मुकदमा दर्ज करवाने का डर दिखाकर ब्लैकमेल करने वाले गिरोह की दो महिलाओं समेत 4 सदस्यों को सीआईए स्टाफ द्वारा काबू किया गया। सब इंस्पेक्टर बलदेव सिंह ने बताया कि जोगिदर सिंह निवासी गांव हांसकलां ने पुलिस को दी शिकायत में कहा कि वे मोटरसाइकिल पर सुधार बाजार गया था। वहां पर मनजीत कौर और चरणजीत कौर नाम की दो महिलाएं मिली। वह कहने लगी कि तेरे साथ हमें जरूरी बात करनी है। वे औरतें मुझे गांव बोपाराय कलां में टेलर गुरमेल सिंह के घर ले गई। वहां पर टेलर पहले से ही मौजूद था। हम अभी बातचीत कर रहे थे कि एक स्विफ्ट सफेद रंग की कार पर सवार तीन व्यक्ति उनके घर की दीवार फांदकर अंदर आ गए। आते ही हमारी फोटो खींचने लग पड़े और वीडियो बनाने लगे। कहने लगे कि हम पत्रकार हैं। इनमें से एक अमरजीत सिंह उर्फ साबी निवासी रायकोट अपने आपको पुलिस कर्मचारी बता रहा था, जोकि कार्रवाई करके जेल भेजने की धमकी देने लगा। मुझसे ढाई लाख रुपए मांगने लगे। मुझ से मौके पर 15 हजार रुपए ले लिए और बाकी 2.35 लाख रुपए बाद में देने के लिए समय तय कर लिया। इन्होंने बाकी पैसे लेकर आने के लिए सिविल अस्पताल सुधार के साथ जाती सड़क पर बुलाया। सब इंस्पेक्टर ने बताया कि इसकी सूचना शिकायतकर्ता ने पुलिस को दी। पुलिस ने मौके पर रेड करके मनजीत कौर उर्फ कलम निवासी गांव जौहलां, चरणजीत कौर उर्फ काले निवासी गांव जौहलां तत्काल निवासी धुतू मोहल्ला रायकोट, अमरजीत सिंह उर्फ साबी निवासी ग्रीन एवेन्यू रायकोट, सुखचैन सिंह उर्फ बूटा निवासी कच्चा किला रायकोट को गिरफ्तार कर लिया। इनका एक साथी राजू मसीह निवासी गांव भटियां कालोनी जालंधर बाइपास लुधियाना मौके से फरार होने में सफल हो गया। सब इंस्पेक्टर बलदेव सिंह ने बताया कि सभी को रिमांड पर लेकर पूछताछ की जाएगी। इस गिरोह के साथ अन्य जो लोग काम करते हैं उन्हें भी काबू किया जाएगा।

COMMENTS