यूपी में सीबीआई छापों को लेकर सी एम केंद्र पर हमलावर : गहलोत बोले- चुनाव पास आते ही सीबीआई एक्शन में, बीजेपी एजेंडा पूरा करने के लिए केंद्रीय एजेंसिय
यूपी में सीबीआई छापों को लेकर सी एम केंद्र पर हमलावर : गहलोत बोले- चुनाव पास आते ही सीबीआई एक्शन में, बीजेपी एजेंडा पूरा करने के लिए केंद्रीय एजेंसियों का कर रही दुरुपयोग
जयपुर : (पी9 ब्यूरो) :
यूपी में रिवर फ्रंट घोटाले में सीबीआई की छापेमारी पर सियासत तेज हो गई है। राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने सीबीआई कार्रवाई को लेकर केंद्र और बीजेपी को निशाने पर लिया है। गहलोत ने ट्विट करके बीजेपी पर सीबीआई, ईडी, इनकम टैक्स सहित केंद्रीय एजेंसियों का राजनीतिक एजेंडा पूरा करने के लिए इस्तेमाल करने के आरोप लगाए हैं।
साख पर सवाल
गहलोत ने लिखा है- जब भी किसी प्रदेश में चुनाव आते हैं या फिर राजनीतिक संकट पैदा किया जाता है तो विशेष निर्देशों के साथ सीबीआई, इनकम टैक्स और ईडी को एक्टिव कर दिया जाता है। यूपी में चुनाव पास आते ही सीबीआई ने छापेमारी करनी शुरू कर दी है। इन सभी केन्द्रीय संस्थाओं की विश्वसनीयता मोटे तौर पर वर्षों तक निष्पक्ष तरीके से काम करने की रही थी, लेकिन जिस तरह भाजपा अपना राजनीतिक एजेंडा पूरा करने के लिए इन एजेंसियों को निर्देश दे रही है, उससे इनकी साख बर्बाद हो गई है।
अधिकारी समझते हैं
गहलोत ने आगे लिखा- इन संस्थाओं में काम कर रहे अधिकांश अधिकारियों के खुद के जेहन में ये बात आ चुकी है। फिर भी मजबूरी में उन्हें कार्रवाई करनी पड़ती है। मुझे विश्वास है कि समय आने पर केंद्रीय संस्थाओं का राजनीतिक दुरुपयोग करने वाली भाजपा को जनता माकूल जवाब देगी। पहले पश्चिम बंगाल, राजस्थान, मध्य प्रदेश और कर्नाटक जैसे राज्यों में भी इन संस्थाओं का दुरुपयोग हुआ। अशोक गहलोत लंबे समय से केंद्र सरकार पर एजेंसियों के दुरुपयोग के आरोप लगाते रहे हैं।

COMMENTS