कोरोना अपडेट : पहली बार एक दिन में 571 केस, होम आइसोलेशन में पहली मौत, तीन दिन पहले किया था क्वारेंटाइन लुधियाना में जीएनपीएस सराभा नगर के सात

कोरोना अपडेट : पहली बार एक दिन में 571 केस, होम आइसोलेशन में पहली मौत, तीन दिन पहले किया था क्वारेंटाइन
लुधियाना में जीएनपीएस सराभा नगर के सात टीचर और सात स्टाफ मेंबर पाजिटिव
एक्टिव केसों का आंकड़ा 2770 पहुंचा, अस्पतालों में भी बढ़ने लगे मरीज
लुधियाना : (पी9 ब्यूरो) :
शनिवार को पहली बार जिले में सबसे अधिक 571 मरीजों की पुष्टि हुई। इनमें से 497 मरीज जिले के रहने वाले हैं, जबकि बाकी बाहरी जिलों और दूसरे राज्यों के हैं। 2020 में 18 अगस्त को एक दिन में सबसे अधिक 509 केस आए थे। इसके बाद एक दिन में इतने ज्यादा कोरोना केस नहीं आए। अब एक्टिव केस बढ़कर 2770 हो गए हैं। अब अस्पतालों में मरीज बढ़ने लगे हैं। इस समय निजी अस्पतालों में 299 मरीज भर्ती हैं, जबकि सिविल अस्पताल में भर्ती मरीजों की संख्या 35 पहुंच गई। वहीं, होम आइसोलेशन में 1950 मरीज हैं। उधर, होम आइसोलेशन में पहली मौत की पुष्टि हुई है।
शनिवार को समराला की महिला (47) की अचानक तबीयत खराब होने पर मौत हो गई। इसकी पुष्टि एसएमओ मानूपुर सीएचसी के एसएमओ डॉ. रवि दत्त और नोडल अधिकारी डाॅ. वंदना ने की। 25 मार्च को बुखार होने के चलते महिला को समराला सिविल अस्पताल लेकर गए थे, जहां से उसे रेफर कर दिया गया। उस समय रेपिड टेस्ट किया गया था, जोकि पॉजिटिव था।
12 टीचर, 7 स्कूल स्टाफ, 6 गर्भवती, 2 हेल्थ कर्मी और 2 कैदी पॉजिटिव
शनिवार को अलग-अलग स्कूलों के 12 टीचर पॉजिटिव आए। इनमें गवर्नमेंट कॉलेज गर्ल्स की एक टीचर, जीएसएस स्कूल माणेवाल की दो टीचर, गुरु नानक पब्लिक स्कूल सराभा नगर के सात टीचर और ननकाना साहिब पब्लिक स्कूल समराला के दो टीचर शामिल हैं। इसके अलावा गुरु नानक पब्लिक स्कूल सराभा नगर के सात स्टाफ मेंबर भी पॉजिटिव आए। जबकि छह गर्भवती महिलां, दो हेल्थ केयर वर्कर, एक पुलिस मुलाजिम, दो अंडर ट्रायल और एक पुलिस मुलाजिम भी पॉजिटिव आया।
7 मरीजों की मौत, 16 मरीज वेंटिलेटर पर
कोरोना पॉजिटिव 7 मरीजों की मौत हो गई। इनमें से पांच लुधियाना, एक समराला और एक होशियारपुर जिले से संबंधित था। लुधियाना के गांव ललतों खुर्द के 47 वर्षीय पुरुष ने पंचम अस्पताल, गांव बहादुरके के 65 वर्षीय पुरुष ने डीएमसी, गांव कमालपुरा के 52 वर्षीय पुरुष ने अरोड़ा न्यूरो सेंटर, गांव मंगली ऊंची के 53 वर्षीय महिला ने सिद्धू अस्पताल और गुरदेव पार्क निवासी 37 वर्षीय युवक ने डीएमसी में दम तोड़ दिया। दूसरी तरफ शहर के अस्पतालों में 16 मरीज वेंटिलेटर पर हैं। इनमें से सात लुधियाना और छह बाहरी जिलों और राज्यों के हैं।
5915 ने लगवाई वैक्सीन
कुल 5915 लोगों ने शनिवार को वैक्सीन लगवाई। इसमें से 60 साल से अधिक आयु वाले 2163 लोगों और गंभीर बीमारियों से पीड़ित 45 से 60 साल की आयु वाले 1443 लोगों ने वैक्सीन की पहली डोज ली। वहीं, 308 हेल्थ केयर वर्करों और 1704 फ्रंटलाइन वर्करों ने वैक्सीन की पहली डोज लगवाई। 107 हेल्थ केयर वर्करों और 190 फ्रंटलाइन वर्करों ने वैक्सीन की दूसरी डोज लगवाई।
सिविल से इमरजेंसी, ओपीडी-वॉर्ड ईएसआई में शिफ्ट
कोरोना केस बढ़ने के चलते सेहत महकमे ने एक बार फिर सिविल अस्पताल की इमरजेंसी और वॉर्ड को ईएसआई में शिफ्ट करने के आदेश दिए हैं। अब सोमवार से सिविल अस्पताल में लड़ाई-झगड़े के पर्चे, ओपीडी और वॉर्ड को शिफ्ट कर दिया जाएगा। एमएलआर सिविल अस्पताल के डॉक्टर बनाएंगे मरीजों का इलाज ईएसआई में होगा। इसके लिए सिविल अस्पताल प्रशासन ने हिदायत दी कि वह इमरजेंसी में मरीजों का इलाज करने के लिए जरूरी सामान साथ लाएं। ईएसआई में स्टाफ तैनाती की लिस्ट भी जारी कर दी गई है। इससे पहले बीते साल 10 अप्रैल को भी ऐसा ही फैसला लिया गया था।
डॉ. नवजोत सिंह के अनुसार : सेचुरेशन लेवल 95 से कम तो अस्पताल दाखिल हों
होम आइसोलेशन के दौरान मरीज दिन में कम से कम दो बार सेचुरेशन लेवल की जांच करें। अगर सांस लेने में परेशानी है तो उस समय भी सेचुरेशन लेवल चेक करें। अगर 95 से कम सेचुरेशन लेवल है तो अस्पताल में जांच करवाएं। पॉजिटिव मरीजों को बिना देरी अस्पताल में दाखिल होना चाहिए।
-डॉ. नवजोत सिंह, मेडिसिन स्पेशलिस्ट, सीएमसी अस्पताल
लुधियाना के सराभा नगर स्थित गुरु नानक पब्लिक स्कूल में कोरोना संक्रमण फैल गया है। स्कूल के सात टीचर और सात स्टाफ मेंबर पाजिटिव आए। इसके अलावा ननकाणा साहिब पब्लिक स्कूल समराला के दो टीचर, सरकारी कालेज लड़कियां भारत नगर की एक टीचर, जीएसएस स्कूल माणेवाल की दो टीचर भी पाजिटिव आए हैं। इसके अतिरिक्त छह गर्भवती महिलाएं, दो हेल्थकेयर वर्कर, एक पुलिस मुलाजिम और दो अंडर ट्रायल भी जांच में पाजिटिव मिले हैं।
विभाग को आशंका : यूके स्ट्रेन के कारण बेतहाशा मरीज बढ़े
सेहत विभाग के एक अधिकारी ने आशंका जताई है कि कोरोना के मामलों में एकाएक हुई बेतहाशा बढ़ोतरी के पीछे कहीं न कहीं यूके स्ट्रेन भी कारण हो सकता है, क्योंकि ये वायरस काफी तेजी से फैल रहा है। आठ मार्च को लिए गए कुल सैंपलों में से पांच फीसद सैंपल ही जीनोम सीक्वेंसिंग के लिए भेजे थे, जिनमें सात में यूके स्ट्रेन मिला था। अगर सभी सैंपलों की जांच हो तो ये आंकड़ा काफी बढ़ सकता है। हालांकि अब विभाग टेस्टिंग के साथ ही वैक्सीनेशन पर भी फोकस कर रही है।
मुलाजिम पाजिटिव आने पर सिविल अस्पताल की पुलिस चौकी बंद
सिविल अस्पताल में स्थित पुलिस चौकी में काम करने वाले मुलाजिमों को भी कोरोना वायरस ने चपेट में ले लिया है। वीरवार को चौकी का मुंशी पाजिटिव आया था, अब शनिवार को चौकी में तैनात एएसआइ भी पाजिटिव आ गया है। इसके बाद चौकी इंचार्ज ने भी खुद को होम क्वारंटाइन कर लिया है। शनिवार शाम को चौकी को बंद कर दिया गया है। हालांकि अभी यह स्पष्ट नहीं किया गया है कि चौकी में आने वाले फरियादी अपनी फरियाद कहां लेकर जाएंगे।

COMMENTS