किसानों के मुद्दे पर पंजाब भाजपा में बढ़ी तकरार, अमृतसर में आई हाथापाई की नौबत अमृतसर : (पी9 ब्यूरो) : किसानों के मुद्दे पर पंजाब भाजपा मे

किसानों के मुद्दे पर पंजाब भाजपा में बढ़ी तकरार, अमृतसर में आई हाथापाई की नौबत
अमृतसर : (पी9 ब्यूरो) :
किसानों के मुद्दे पर पंजाब भाजपा में तकरार बढ़ने लगी है। शुक्रवार को इस तकरार के कारण अमृतसर में पार्टी नेताओं में हाथापाई की नौबत आ गई। प्रदेश महासचिव जीवन गुप्ता ने उन्हें शांत कराया। दरअसल, पूर्व मंत्री अनिल जोशी ने कुछ दिन पहले कहा था कि केंद्र सरकार को विधानसभा चुनाव से पहले किसानों के मुद्दे का हल निकाल लेना चहिए, नहीं तो इसका नुकसान उठाना पड़ सकता है।
जोशी ने पंजाब लीडरशिप पर उनकी बात केंद्र तक सही तरीके से न रखने का आरोप लगाया था। उन्होंने चेतावनी दी थी कि अगर 15 दिन में पार्टी ने किसानों के मुद्दे पर उनसे बात नहीं की तो वह खुद जाकर पंजाब का दौरा करेंगे और उन लोगों की बात सुनेंगे, जो किसानों के मुद्दे को हल करवाना चाहते हैं। शुक्रवार को भाजपा के प्रदेश महासचिव जीवन गुप्ता अमृतसर में फीडबैक लेने पहुंचे थे।
जोशी के खास व पूर्व जिला महासचिव मानव तनेजा ने विधानसभा चुनाव से पहले अनिल जोशी को मनाने की बात कही। उनका समर्थन पूर्व मेयर सुभाष शर्मा के बेटे राजीव शर्मा डिंपी ने किया। इस पर भड़के भाजपा एससी मोर्चा के प्रधान संजीव कुमार ने कहा कि पार्टी व्यक्ति विशेष से नहीं, संगठन से चलती है। इस पर बहसबाजी के बाद नौबत हाथापाई तक पहुंच गई। इस पर महासचिव जीवन गुप्ता ने उन्हें पदमुक्त करने की धमकी दी, जिसके बाद मामला शांत हुआ।
जोशी बनाम भाजपा की जंग जोशी समर्थकों और भाजपा की टीम के बीच इंटरनेट मीडिया पर जंग चल रही है। जोशी समर्थक ‘मैं अनिल जोशी के साथ हूं’ की पोस्ट लगातार शेयर करते हुए जोशी के कार्यकाल में हुए शहर के विकास का बखान कर रहे हैं, दूसरी तरफ जोशी विरोधी भाजपा नेता ‘मैं भाजपा के साथ हूं’ की पोस्ट शेयर कर जोशी समर्थकों पर कटाक्ष कर रहे हैं।
जोशी राजनीतिक स्टंट न करें : गुप्ता
पार्टी महासचिव जीवन गुप्ता ने कहा कि अगर जोशी के पास किसानों का हल करने के लिए कोई बढि़या प्लान है, तो वह अपनी बात पंजाब लीडरशिप के पास रखें, अगर उनकी वहां सुनवाई नहीं हो रही है, तो केंद्र लीडरशिप के पास बात रख सकते हैं। जोशी मीडिया के सामने बातें करके सिर्फ राजनीतिक स्टंट कर रहे हैं।
मास्टर मोहनलाल भी उठा चुके हैं यही मुद्दा
भाजपा के पूर्व मंत्री मास्टर मोहनलाल ने भी अनिल जोशी की आशंका को सही बताते हुए कहा कि पार्टी का पंजाब नेतृत्व केंद्र सरकार तक किसानों के मामले की सही स्थिति पहुंचाने में नाकाम रहा है। पार्टी को इसका खामियाजा उठाना पड़ सकता है।
केंद्र सरकार कर रही प्रयास, किसान नेता ही अड़े : ग्रेवाल
पूर्व मंत्री की टिप्पणी पर भाजपा नेता हरजीत ग्रेवाल ने कहा कि मास्टर मोहनलाल पार्टी के वरिष्ठ नेता हैं। उन्हें ऐसा नहीं कहना चाहिए कि पंजाब लीडरशिप अपनी बात समझाने में नाकाम रही। केंद्र सरकार लगातार प्रयास कर रही है, लेकिन किसान नेता ही अड़े हुए हैं।

COMMENTS