एक्सप्रेस-वे में शामिल रहेगा अमृतसर अमृतसर : (पी9 ब्यूरो) : दिल्ली-अमृतसर-कटड़ा एक्सप्रेस-वे को लेकर उठे विवाद पर आज राज्यसभा सदस्य श्वेत मलि
एक्सप्रेस-वे में शामिल रहेगा अमृतसर
अमृतसर : (पी9 ब्यूरो) :
दिल्ली-अमृतसर-कटड़ा एक्सप्रेस-वे को लेकर उठे विवाद पर आज राज्यसभा सदस्य श्वेत मलिक और पूर्व कैबिनेट मंत्री अनिल जोशी ने विराम लगा दिया। मलिक ने सड़क परिवहन व राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी और जोशी ने प्रधानमंत्री कार्यालय के राज्यमंत्री डॉ जितेंद्र सिंह से फोन पर हुई बातचीत का हवाला देते हुए स्पष्ट किया कि एक्सप्रेस-वे में अमृतसर शामिल रहेगा।
मलिक ने पत्रकारों से बात करते हुए कहा-केंद्रीय मंत्री गडकरी ने आश्वासन दिया है कि वह एक्सप्रेस-वे के रूट पर दोबारा चर्चा करेंगे। अमृतसर को दोबारा इसमें शामिल करते हुए गुरुनगरी के लोगों की भावनाओं को ख्याल रखा जाएगा। इस पूरे घटनाक्रम में पंजाब की कांग्रेस सरकार का अमृतसर विरोधी चेहरा सामने आया है। अमृतसर तथा माझा क्षेत्र को इस एक्सप्रेस-वे की बहुत ज्यादा जरूरत है, पर निजी स्वार्थों के चलते पंजाब सरकार द्वारा षड्यंत्र रचकर गुरुनगरी से यह सौगात छीनी जा रही है। एक्सप्रेस-वे से अमृतसर-दिल्ली की दूरी 200 किलोमीटर कम हो जाएगी। यहां भाजपा जिला प्रधान सुरेश महाजन, डॉ. हरविदर सिंह संधु, कपिल मेहरा, अर्जुन मलिक, रघु शर्मा, संदीप धवन उपस्थित थे।
आध्यात्मिक टूरिज्म था एक्सप्रेस-वे के पीछे नजरिया : जोशी
पूर्व कैबिनेट मंत्री अनिल जोशी ने कहा-2018 में पीएमओ के राज्यमंत्री डॉ. जतिदर सिंह जब अमृतसर आए थे, तब उन्होंने पहली बार दिल्ली-अमृतसर-कटड़ा एक्सप्रेस-वे के सर्वे की बात की थी। माता वैष्णो देवी और श्री दरबार साहिब को इस एक्सप्रेस-वे से जोड़ने के पीछे नजरिया इस बेल्ट के आध्यात्मिक टूरिज्म को बढ़ावा देना था। श्री दरबार साहिब प्रतिदिन डेढ़ लाख के लगभग श्रद्धालु आते हैं। यहां से श्रद्धालु माता वैष्णो देवी के दर्शनों को भी जाते हैं। आज डॉ. सिंह और इस प्रोजेक्ट के इंचार्ज व नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया के चेयरमैन डॉ. सुखबीर सिंह संधू से फोन पर बात हुई है। दोनों का कहना है कि अमृतसर के बिना एक्सप्रेस-वे अधूरा है। एक्सप्रेस-वे से अमृतसर नजरअंदाज नहीं होगा। 35000 करोड़ के इस एक्सप्रेस-वे को लेकर जमीन अधिग्रहण का काम शुरू हो गया है। डेढ़ से दो साल में यह पूरा हो जाएगा।

COMMENTS